जयपुर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस की कार्रवाई, वीडियो में देंखे कैफे डिओना से 4 हुक्के और चिलम जब्त; संचालक गिरफ्तार
जयपुर शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे हुक्का बार और कैफे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत जयपुर ईस्ट पुलिस ने बजाज नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कैफे में चल रहे अवैध हुक्का बार का खुलासा किया। पुलिस टीम ने मौके से चार हुक्के, चार चिलम, चार पाइप, अलग-अलग फ्लेवर और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में पुलिस ने कैफे संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कैफे डिओना में चल रहा था हुक्का
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की ओर से निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार रात बजाज नगर थाना पुलिस की टीम ने थाना क्षेत्र में संचालित CAFÉ DIONA पर दबिश दी।पुलिस टीम को कैफे में अवैध तरीके से हुक्का संचालित किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और कैफे की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को वहां हुक्का पीने और पिलाने से संबंधित सामग्री मिली।
4 हुक्के, 4 चिलम और पाइप जब्त
पुलिस ने कैफे से चार हुक्के, चार चिलम और चार पाइप बरामद किए। इसके अलावा अलग-अलग फ्लेवर वाले हुक्का फ्लेवर और अन्य सामग्री भी मौके से जब्त की गई।पुलिस के मुताबिक, कैफे में हुक्का संचालन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध थी और इसे अवैध रूप से ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर मौजूद सामग्री को जब्त करने के साथ कैफे संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
कैफे संचालक गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैफे संचालक मनोज कुमार (28) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि कैफे में कितने समय से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था और इस गतिविधि में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैफे में आने वाले ग्राहकों को किस तरह के फ्लेवर उपलब्ध कराए जाते थे और अवैध हुक्का संचालन से जुड़ी अन्य गतिविधियां तो नहीं चल रही थीं।
अवैध हुक्का बार पर लगातार कार्रवाई
जयपुर ईस्ट पुलिस की ओर से शहर में अवैध हुक्का बार और नियमों का उल्लंघन करने वाले कैफे के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।बजाज नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से हुक्का संचालित करने वाले कैफे संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
