Aapka Rajasthan

राजस्थान में झमाझम से बेहाल लोग! इंद्र देव से बारिश रुकवाने की गुहार, संगठन ने सीएम भजनलाल शर्मा को लिखा अनोखा पत्र

 
राजस्थान में झमाझम से बेहाल लोग! इंद्र देव से बारिश रुकवाने की गुहार, संगठन ने सीएम भजनलाल शर्मा को लिखा अनोखा पत्र

राजस्थान में इन दिनों भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गाँव-कस्बों में पानी भर गया है। फसलों को भारी नुकसान हुआ है और कई लोगों की जान चली गई है। अब इस आपदा को रोकने के लिए "फाइट फॉर राइट" के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेइया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से एक अनोखी माँग की है। सुनील उदेइया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जनहित में बारिश रोकने का अनुरोध किया है।

सीएम भजनलाल से की गई अनोखी माँग

इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री पंडित भजनलाल शर्मा भगवान श्री गिर्राज जी महाराज के परम भक्त हैं और उन पर अलौकिक कृपा है। ऐसे में उन्हें राज्य की जनता के कल्याण के लिए भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए कि इंद्र देव बारिश रोक दें।

गाँव में बाढ़ और टूटी सड़कें

इसके साथ ही पत्र में कहा गया है कि राजस्थान में अब तक आवश्यकता से अधिक बारिश हो चुकी है। कई इलाकों में अत्यधिक बारिश के कारण हालात बिगड़ रहे हैं और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, गाँव-कस्बों में पानी भर गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसे में अब ज़रूरत है कि मुख्यमंत्री अपनी ईश्वर भक्ति के प्रभाव से प्रदेशवासियों को इस संकट से राहत दिलाएँ।

भक्त की आस्था से ही यह संभव होगा
सुनील उदेइया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे एक बार फिर गिर्राज जी महाराज के दर पर जाकर विशेष पूजा-अर्चना करें। उनका कहना है कि जब भक्त और आस्था का मिलन होता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है। उन्होंने यह भी लिखा कि जिस तरह पहले भी महाराज की कृपा से प्रदेश में सुख-समृद्धि बनी है, उसी तरह इस बार भी बारिश रोकने की प्रार्थना स्वीकार हो सकती है। यह अजीबोगरीब मांगपत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।