दूदू में सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर घुसे लोग, वीडियो में जाने परिसर में युवक का किया अंतिम संस्कार; पुलिस पहुंची तो आधा शव जल चुका था
जयपुर जिले के दूदू में एक सरकारी स्कूल परिसर में युवक के अंतिम संस्कार का मामला सामने आया है। रविवार को सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के बाद उसके परिजन और समाज के लोग शव लेकर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल पहुंचे। यहां स्कूल का ताला तोड़कर लोग परिसर के अंदर घुसे और युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
स्कूल के गार्ड ने लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी और करीब आधा शव जल चुका था। घटना के बाद स्कूल प्रशासन की ओर से दूदू थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से हुई थी युवक की मौत
जानकारी के अनुसार माल की ढाणी निवासी बाबू पुत्र रामकरण बागरिया रविवार को पैदल अपने घर जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बाबू की मौके पर ही मौत हो गई।युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार और समाज के लोग शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकले। बताया गया कि वे शव को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परिसर में ले गए। इसके बाद स्कूल का ताला तोड़कर लोग अंदर दाखिल हुए और परिसर में ही अंतिम संस्कार शुरू कर दिया।
गार्ड ने रोकने की कोशिश की, नहीं माने लोग
स्कूल परिसर में अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी मिलते ही स्कूल के गार्ड ने लोगों को रोकने का प्रयास किया। उसने परिसर में अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही, लेकिन वहां मौजूद लोग नहीं माने। इसके बाद उन्होंने स्कूल परिसर में ही चिता जला दी।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक शव का करीब आधा हिस्सा जल चुका था। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और घटना से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
समाज के लोगों ने बताया पुरानी श्मशान भूमि
अंतिम संस्कार करने वाले लोगों का कहना था कि जिस जमीन पर वर्तमान में सरकारी स्कूल बना हुआ है, उसका इस्तेमाल पहले उनके समाज के श्मशान के रूप में किया जाता था। उनका दावा है कि बाद में यह जमीन स्कूल के नाम कर दी गई।इसी दावे के आधार पर परिजन और समाज के लोग युवक का अंतिम संस्कार स्कूल परिसर में करने पहुंचे थे। हालांकि स्कूल प्रशासन ने इस तरह परिसर में प्रवेश करने और अंतिम संस्कार करने की अनुमति नहीं दी थी।
प्रिंसिपल ने थाने में दर्ज कराया मामला
घटना के बाद स्कूल की प्रिंसिपल ने दूदू थाने में शिकायत दर्ज कई है। शिकायत में स्कूल का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करने और वहां अंतिम संस्कार किए जाने का उल्लेख किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।मामले में पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्कूल की जमीन को लेकर समाज के लोगों की ओर से किया जा रहा दावा कितना सही है और जमीन के रिकॉर्ड में इसकी वर्तमान स्थिति क्या है।सरकारी स्कूल परिसर में अंतिम संस्कार किए जाने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। अब पुलिस जांच के साथ-साथ जमीन के पुराने रिकॉर्ड और स्कूल प्रशासन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच किए जाने की संभावना है।
