SMS हॉस्पिटल में बदलेगी पार्किंग व्यवस्था: वीडियो में देंखे अब रियल टाइम मॉनिटरिंग और FASTag से होगा भुगतान
सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में जल्द ही पार्किंग की नई और हाईटेक व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को ओपीडी समय में पार्किंग के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।हॉस्पिटल प्रशासन ने अस्पताल परिसर में मौजूद सभी बेसमेंट और सरफेस पार्किंग के संचालन के लिए टेंडर जारी किया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पार्किंग सिस्टम पूरी तरह तकनीक आधारित होगा, जिससे पार्किंग प्रबंधन पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित हो जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस नई पार्किंग व्यवस्था से हर साल करीब 2 करोड़ रुपए का राजस्व मिलने का अनुमान है। साथ ही पार्किंग एरिया में वाहनों की आवाजाही पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सकेगा।नई प्रणाली के तहत अस्पताल परिसर की सभी पार्किंग का रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया जाएगा। इससे यह तुरंत पता चल सकेगा कि किस बेसमेंट पार्किंग में कितनी गाड़ियां खड़ी हैं और कितनी जगह खाली बची हुई है। इससे वाहन चालकों को पार्किंग खोजने में समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा हर वाहन की एंट्री और एग्जिट पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे सिस्टम को डिजिटल रूप से रिकॉर्ड किया जाएगा।पार्किंग शुल्क वसूली की प्रक्रिया भी अब हाईटेक होगी। स्कैनर की मदद से FASTag के जरिए सीधे भुगतान लिया जाएगा, जिससे लोगों को नकद भुगतान या लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद पार्किंग में अव्यवस्था कम होगी और मरीजों के परिजनों को काफी राहत मिलेगी। खासतौर पर ओपीडी के व्यस्त समय में वाहन पार्किंग की समस्या काफी हद तक सुलझने की उम्मीद है। गौरतलब है कि जयपुर का SMS हॉस्पिटल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग प्रबंधन लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ था।
