सरकार की सिफारिश पर 32 RAS-RPS अधिकारियों को मिलेगा प्रमोशन, बनेंगे IAS-IPS फिर भी इतने पद रहेंगे खाली
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अफसरों की कमी से जूझ रही राजस्थान सरकार को जल्द ही अपनी पसंद के 32 नए आईएएस-आईपीएस अफसर मिलेंगे। इनमें 19 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) और 8 अन्य सेवाओं के अफसर आईएएस बनेंगे। राजस्थान पुलिस सेवा (आरपीएस) से 5 अफसर आईपीएस बनेंगे। इसके बावजूद स्वीकृत कैडर से 45 आईएएस पद खाली रह जाएंगे। नए अफसर मिलने से अतिरिक्त चार्ज से जूझ रहे अफसरों को राहत मिलेगी। फिलहाल 46 आईएएस अफसरों के पास अतिरिक्त चार्ज है।
राज्य सरकार की ओर से तैयार 57 अफसरों की सूची में पदोन्नति के प्रबल दावेदार कौन हैं? अन्य सेवाओं से किन नामों को स्क्रूटनी में फाइनल किया गया है? मई में होंगे इंटरव्यू, 57 नाम भेजे गए इस साल राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 19 अफसर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अफसर बनेंगे। इसके लिए राज्य के कार्मिक विभाग ने 2024 की रिक्तियों के सापेक्ष तीन गुना नामों (57) की सूची केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेज दी है। 19 आईएएस पदों के लिए साक्षात्कार इसी माह मई में संभावित हैं। पूरी प्रक्रिया जून तक पूरी कर ली जाएगी। आरएएस अफसरों का चयन मेरिट के आधार पर होगा। जिन अफसरों की एसीआर बेदाग है, उनका चयन तय माना जा रहा है। इससे पहले 2023 में 11 आरएएस पदोन्नत हुए थे। इनमें शाहीन अली खान, आकाश तोमर, अरुण कुमार हसीजा, मनीष गोयल, मातादीन मीना, कमलराम मीना, केसरलाल मीना, हिम्मत सिंह बारहठ, पुरुषोत्तम शर्मा, देवाराम सैनी और अजय असवाल शामिल हैं।
इन आरएएस अफसरों का प्रमोशन तय
1997 और 1998 बैच के आरएएस अफसरों को 2024 की रिक्तियों पर प्रमोशन दिया जाएगा। 1997 बैच के इन आरएएस को किया जा सकता है प्रमोशन
डॉ. राकेश कुमार शर्मा, नवनीत कुमार, सुखवीर सैनी, जसवंत सिंह, हरफूल सिंह यादव, राजेश वर्मा
सुरेशचंद्र, महेंद्र कुमार खिंची, अजीत सिंह राजावत, अवधेश सिंह
राकेश शर्मा, जगवीर सिंह, बृजेश कुमार चंदोलिया, डॉ. हर्षया मीना, रामस्वरूप मीना
अन्य सेवाओं के 4 अफसर 2023 की रिक्तियों पर आईएएस बनेंगे
अभी तक पूर्व आईएएस वीनू गुप्ता की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने 2023 की रिक्तियों पर 20 नाम फाइनल किए हैं। यूपीएससी में बोर्ड मीटिंग के दौरान फाइनल 4 नामों को मंजूरी दी जाएगी। बोर्ड मीटिंग की तिथि अभी तय नहीं हुई है।
2023 की 4 रिक्त सीटों पर अन्य सेवाओं से 20 अफसरों के नाम
लेखा सेवा: सुरेश वर्मा और अमिता शर्मा
परिवहन सेवा: प्रवीण चारण और धर्मेंद्र
सहकारिता सेवा: भोमाराम, शुद्धोधन उज्ज्वल
कृषि सेवा: राजेंद्र सिंह, रशीद खान
सांख्यिकी सेवा: नरेंद्र मेघनानी, नितेश शर्मा
पीएचईडी: भूपेंद्र देथा, मुकेश मीना
विधि सेवा: रमजान अली
आईटी एवं संचार सेवा: योगेंद्र कुमार जैन
जल संसाधन: अनिल अंबेश
चिकित्सा सेवा: डॉ. पूनम प्रसाद
पीडब्ल्यूडी सेवा: संगीत कुमार
बीमा एवं भविष्य निधि सेवा: नरेश गोयल
कृषि विपणन: केसर सिंह
कॉलेज शिक्षा: श्याम सुंदर ज्याणी
2024 की रिक्तियों के विरुद्ध 20 नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा
2024 की रिक्तियों के विरुद्ध गैर आरएएस सेवा से 4 अफसर आईएएस बनेंगे। नामों की जांच के बाद 20 नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। फिलहाल स्क्रूटनी नहीं हुई है। स्क्रीनिंग कमेटी बनेगी। इसके बाद 20 नाम फाइनल किए जाएंगे। ये नाम यूपीएससी को भेजे जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि इन अफसरों से जुड़ी फाइल तैयार की जा रही है। जल्द ही आईएएस में प्रमोशन को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक होगी। इसके बाद नाम फाइनल कर संघ लोक सेवा आयोग को भेजे जाएंगे।
33.5% राज्य सेवा के अफसर आईएएस में चयनित
प्रदेश में प्रमोशन से भरे जाने वाले आईएएस का कोटा 95 से बढ़ाकर 101 किया गया। डीओपी के मुताबिक आईएएस अफसर तीन तरह से बनाए जा सकते हैं। इनमें 66.5% यूपीएससी के जरिए सीधी भर्ती और 33.5% राज्य सेवा के अफसरों के चयन से होते हैं। इनमें अधिकतम 15% पद अन्य सेवाओं के होते हैं। राज्य सरकार विशेष परिस्थितियों में अन्य सेवाओं के अफसरों को आईएएस बना सकती है। पिछले साल किए गए कैडर रिव्यू के बाद राज्य में आईएएस का कोटा 319 से बढ़ाकर 332 कर दिया गया। इसके साथ ही राज्य सेवा से आईएएस बनने वाले अफसरों का कोटा भी 6 बढ़ाकर 101 कर दिया गया। इसमें आरएएस की पदोन्नति से भरे जाने वाले पद 81 से बढ़ाकर 86 और अन्य सेवाओं से आईएएस बनने वाले पद 14 से बढ़ाकर 15 कर दिए गए हैं।
