सीकर में NEET छात्रों से हॉस्टल में बेरहमी से मारपीट, बाउंसरों से पिटवाने का आरोप; वीडियो में जाने मामला दर्ज
राजस्थान के सीकर में NEET की तैयारी कर रहे दो छात्रों के साथ हॉस्टल में कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल में एक अन्य छात्र से विवाद होने के बाद संचालक ने तीन बाउंसरों की मदद से दोनों छात्रों की पाइप से पिटाई करवाई। घटना के बाद पीड़ित छात्रों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 जून की रात करीब 2 बजे शहर के पिपराली रोड स्थित एक बॉयज हॉस्टल में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों का किसी अन्य छात्र के साथ विवाद हो गया था, जिसके बाद हॉस्टल संचालक ने कथित तौर पर बाउंसर बुलाकर उनकी पिटाई करवाई।
पीड़ित छात्रों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पाइप से हमला किया और कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। छात्रों का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घटना के दौरान वीडियो कॉल कर दूसरे छात्र के परिजनों को पूरी घटना दिखाई। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल संचालक ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए, उन्हें अपने परिजनों से बात नहीं करने दी और बाउंसरों की निगरानी में कोचिंग भेजने के बाद वापस हॉस्टल ले आया।
घटना के बाद रविवार को दोनों छात्रों के परिजनों ने हॉस्टल संचालक, तीन बाउंसरों समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने और अन्य आरोपों में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
