नीट स्टूडेंट सुसाइड केस: राहुल गांधी से मिला परिवार, फुटेज में देंखे साथ दिखा हिस्ट्रीशीटर तो बढ़ा विवाद
राजस्थान के सीकर में नीट छात्र के सुसाइड मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। छात्र के परिवार ने दिल्ली पहुंचकर Rahul Gandhi से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान एक ऐसा चेहरा भी मौजूद था, जिसने पूरे घटनाक्रम को विवादों में ला दिया। परिवार के साथ सीकर कोतवाली थाने का एक हिस्ट्रीशीटर भी दिखाई दिया, जिसका नाम गैंगस्टर Rohit Godara गैंग से जुड़ चुका है।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित हिस्ट्रीशीटर पर हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 14 मामले दर्ज हैं। उसकी मौजूदगी सामने आने के बाद अब इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं।
दिल्ली में हुई मुलाकात
नीट छात्र के परिवार ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर मामले में न्याय की मांग की। मुलाकात के दौरान परिवार ने छात्र की मौत से जुड़े हालात और अपनी पीड़ा साझा की। राहुल गांधी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भले ही उनकी सरकार नहीं है, लेकिन न्याय दिलाने की हर संभव कोशिश की जाएगी।परिवार से बातचीत के दौरान राहुल गांधी भावुक भी नजर आए। उन्होंने छात्र की बहन के सिर पर हाथ रखते हुए कहा, “ये मेरी भी बहन है।” इस दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि राहुल गांधी ने परिवार को मानसिक और राजनीतिक समर्थन का भरोसा दिया।
हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी पर उठा विवाद
हालांकि मुलाकात के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उस हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी को लेकर हो रही है, जो परिवार के साथ दिल्ली पहुंचा था। सूत्रों के अनुसार, उसका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है और उसका संबंध रोहित गोदारा गैंग से भी जोड़ा जाता रहा है।सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति परिवार के साथ राहुल गांधी से मिलने कैसे पहुंचा।
NSUI अध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला
इस पूरे मामले पर जब Vinod Jakhar से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि मुलाकात का मकसद केवल छात्र के परिवार को न्याय दिलाने के समर्थन में था।हालांकि इस बयान के बाद भी विवाद शांत होता नजर नहीं आ रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
छात्र सुसाइड केस पहले से सुर्खियों में
सीकर का यह नीट छात्र सुसाइड मामला पहले से ही चर्चा में बना हुआ है। छात्र की मौत के बाद कोचिंग व्यवस्था, पढ़ाई के दबाव और मानसिक तनाव जैसे मुद्दे फिर से बहस का विषय बन गए हैं। छात्र के परिवार लगातार न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब राहुल गांधी से मुलाकात और उसके दौरान हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक रूप से और गर्मा सकता है।
