नरेश मीणा ने वन विभाग के दफ्तर में किया हंगामा, वीडियो में बोले- किसानों पर अत्याचार हुआ तो सरकारी कार्यालयों में आग लगा देंगे; कर्मचारियों ने मारपीट का लगाया आरोप
राजस्थान के बारां जिले में पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान नरेश मीणा का वन विभाग के खिलाफ गुस्सा सामने आया। उन्होंने किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर किसानों पर अत्याचार हुआ तो सरकारी दफ्तरों में आग लगा दी जाएगी। इसके बाद वे सैकड़ों किसानों और समर्थकों के साथ नाहरगढ़ स्थित वन विभाग के रेंज ऑफिस पहुंच गए। वहां जमकर हंगामा हुआ।मामले में वन विभाग के कर्मचारियों ने नरेश मीणा और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों की शिकायत पर नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नरेश मीणा और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
किसानों ने सभा में बताई परेशानी
नरेश मीणा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बैनर तले पंचायत राज चुनाव में सक्रिय हैं। उन्होंने बारां जिला परिषद की सभी 29 सीटों और 10 पंचायत समितियों में प्रत्याशी उतारे हैं। प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए वे रविवार को नाहरगढ़ पहुंचे थे।यहां आयोजित सभा के दौरान स्थानीय किसानों ने वन विभाग पर परेशान करने का आरोप लगाया। एक किसान ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने उसकी पानी की मोटर और पाइप जब्त कर लिए हैं। किसानों की शिकायत सुनने के बाद नरेश मीणा ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
सैकड़ों समर्थकों के साथ रेंज ऑफिस पहुंचे
सभा के बाद नरेश मीणा किसानों और समर्थकों के साथ नाहरगढ़ स्थित वन विग के रेंज ऑफिस पहुंच गए। वहां उन्होंने विभाग के खिलाफ विरोध जताया और हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों को परेशान नहीं करने की चेतावनी दी।नरेश मीणा ने कहा कि किसानों पर किसी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो सरकारी दफ्तरों में आग लगा दी जाएगी। उनके इस बयान के बाद मामला और गरमा गया।
वन विभाग कर्मचारियों ने लगाया मारपीट का आरोप
दूसरी ओर, वन विभाग के कर्मचारियों ने नरेश मीणा और उनके साथ आए लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नरेश मीणा और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वन विभाग की ओर से किसानों की मोटर और पाइप जब्त किए जाने को लेकर उठाई गई शिकायतों की स्थिति भी स्पष्ट होना बाकी है।
पंचायत चुनाव के प्रचार के बीच बढ़ा विवाद
बारां जिले में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। नरेश मीणा बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। जिला परिषद की 29 सीटों और 10 पंचायत समितियों में पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।नाहरगढ़ में किसानों की शिकायत के बाद वन विभाग कार्यालय तक पहुंचे नरेश मीणा के विरोध और कर्मचारियों की शिकायत से यह मामला चर्चा में आ गया है। अब पुलिस जांच में घटना के दौरान हुई गतिविधियों और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जाएगी।
