मिसेज राजस्थान 2026: उमा मीना और श्वेता कंसाना के सिर सजा जीत का ताज, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे घर पहुंचते ही हुआ दुल्हन जैसा स्वागत
राजस्थान की महिलाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और सपनों को मंच देने वाले प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट ‘मिसेज राजस्थान 2026’ का भव्य समापन बेहद खास रहा। इस साल प्रतियोगिता में दो महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व के दम पर विजेता का ताज अपने नाम किया। सिल्वर कैटेगरी (20 से 36 वर्ष) में उमा मीना ने खिताब जीता, जबकि गोल्ड कैटेगरी (37 से 51 वर्ष) में श्वेता कंसाना मिसेज राजस्थान 2026 बनीं।
प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के बाद दोनों विजेताओं के परिवार और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खासतौर पर उमा मीना की सफलता ने कई कामकाजी महिलाओं को प्रेरित किया है। उमा ने बताया कि वह एक सरकारी कर्मचारी हैं और नौकरी के साथ इस प्रतियोगिता की तैयारी करना उनके लिए आसान नहीं था। हालांकि परिवार और ऑफिस के सहयोग ने उनके सफर को आसान बना दिया।
उमा मीना ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह मेरे लिए सिर्फ एक ताज नहीं बल्कि आत्मविश्वास और मेहनत की जीत है। यहां तक पहुंचने में मेरे ऑफिस के चेयरमैन और पूरे स्टाफ ने मेरा पूरा साथ दिया। उन्होंने मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया, जिसकी वजह से मैं इस मुकाम तक पहुंच पाई।”उन्होंने आगे बताया कि जब वह प्रतियोगिता जीतकर घर पहुंचीं तो परिवार और रिश्तेदारों ने उनका बेहद खास स्वागत किया। उमा ने मुस्कुराते हुए कहा, “ऐसा लगा जैसे शादी के बाद दुल्हन बनकर पहली बार ससुराल आई हूं। परिवार ने जिस तरह स्वागत किया, वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।”
मिसेज राजस्थान प्रतियोगिता केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं मानी जाती, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और सामाजिक सोच को भी मंच देती है। इस आयोजन में राज्यभर से कई महिलाओं ने हिस्सा लिया और अलग-अलग राउंड में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।गोल्ड कैटेगरी की विजेता श्वेता कंसाना ने भी अपनी जीत को महिलाओं के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि उम्र कभी भी सपनों की राह में रुकावट नहीं बनती। अगर आत्मविश्वास और मेहनत हो तो किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने फैशन, पर्सनैलिटी, टैलेंट और सवाल-जवाब राउंड में हिस्सा लिया। निर्णायकों ने आत्मविश्वास, प्रस्तुति और सोच के आधार पर विजेताओं का चयन किया।इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आज की महिलाएं केवल घर या नौकरी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। मिसेज राजस्थान जैसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और समाज में नई प्रेरणा बनने का अवसर देते हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पर भी दोनों विजेताओं की खूब चर्चा हो रही है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। उमा मीना और श्वेता कंसाना की यह जीत कई महिलाओं के लिए सपनों को पूरा करने की नई प्रेरणा बन गई है।
