उत्तर पश्चिम रेलवे की 60 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित रहेंगी, वीडियो में देंखे चूरू–सादुलपुर के बीच डबल लाइन कार्य के कारण बदलाव
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में रेलवे ट्रैक के आधुनिकीकरण और क्षमता बढ़ाने के लिए चल रहे कार्य के चलते यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। चूरू से सादुलपुर के बीच डबल लाइन बिछाने के कार्य के कारण 14 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच 60 से अधिक ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशेड्यूल किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि बीकानेर मंडल में चूरू और सादुलपुर के बीच डबल लाइन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यह कार्य दुधवाखारा, हड़याल, डोकवा और सादुलपुर स्टेशनों के बीच किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही को और अधिक सुचारू बनाना तथा भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को ध्यान में रखते हुए ट्रैक की क्षमता को बढ़ाना है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस काम के लिए ऑटोमेटिक सिग्नलिंग ब्लॉक लेना आवश्यक होगा। इसी वजह से इस रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस अवधि के दौरान 14 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है। इसके अलावा 22 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द रखा जाएगा, यानी ये ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग के कुछ हिस्से तक ही चलेंगी। वहीं 29 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से संचालित किया जाएगा, ताकि यात्रियों की यात्रा किसी हद तक प्रभावित न हो। इसके अलावा 2 ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।रेलवे का कहना है कि डबल लाइन का यह कार्य पूरा होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पहले से अधिक तेज और सुरक्षित हो सकेगा। साथ ही भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और समय पालन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन और रेलवे स्टेशनों पर सूचना उपलब्ध कराई जा रही है। यात्री अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या स्टेशन से प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।डबल लाइन परियोजना के पूरा होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है, जिससे उत्तर पश्चिम रेलवे के इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर यात्रियों और मालगाड़ियों दोनों को फायदा मिलेगा।
