18 नगर निकायों में दोपहर 1 बजे तक 50% से ज्यादा मतदान, वीडियो में जाने कानोता में सबसे ज्यादा वोटिंग
जयपुर जिले की 18 नगरीय निकायों में बुधवार को मतदान जारी है। शुरुआती छह घंटों में ही बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी 18 निकायों में औसतन 50 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा मतदान कानोता नगर पालिका में 71.67 फीसदी रहा। निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान के लिए जिले में कुल 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 152 बूथों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
पहले छह घंटे में 50% तक पहुंचा मतदान
सुबह मतदान शुरू होने के बाद से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया।जिला प्रशासन के अनुसार, दोपहर तक मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी। हालांकि, कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण थोड़ी देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ।
शाहपुरा में ईवीएम खराब, 25 मिनट रुका मतदान
शाहपुरा नगर परिषद के वार्ड नंबर 40 स्थित बूथ संख्या 49 पर सुबह ईवीएम मशीन में खराबी आ गई। बताया गया कि मशीन का एक बटन काम नहीं कर रहा था। इसके बाद मतदान केंद्र के बाहर मौजूद मतदाताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया।मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। टीम ने ईवीएम की जांच कर खराबी को दूर किया। इस दौरान करीब 25 मिनट तक मतदान बंद रहा। सुबह करीब 8:25 बजे मशीन ठीक होने के बाद मतदान दोबारा शुरू कराया गया।
चाकसू में चुनाव चिन्ह स्पष्ट नहीं दिखने पर हंगामा
चाकसू नगर पालिका के बूथ नंबर 18 पर ईवीएम में एक निर्दलीय प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह स्पष्ट दिखाई नहीं देने को लेकर विवाद हो गया।प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने मतदान केंद्र के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जांच के बाद मतदान फिर से शुरू कराया गया।
कानोता में ईवीएम खराब, नई मशीन से शुरू हुआ मतदान
कानोता नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 के बूथ पर भी ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आई। मशीन में समस्या आने के बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ।इसके बाद प्रशासन ने नई ईवीएम मशीन उपलब्ध कराई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू हो सकी। कानोता में अब तक जिले के सभी निकायों में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहा मतदान
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।अधिकारियों का कहना है कि ईवीएम से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। मतदान समाप्त होने तक प्रशासन की टीमें लगातार बूथों की निगरानी कर रही हैं।
