Aapka Rajasthan

मानसून का कहर! राजस्थान में भारी बारिश से हाहाकार, 19 जिलों में छुट्टी और 93 लोगों की गई जान

 
मानसून का कहर! राजस्थान में भारी बारिश से हाहाकार, 19 जिलों में छुट्टी और 93 लोगों की गई जान

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक 46 लोगों की डूबने या डूबने से, 24 की बिजली गिरने से और 93 लोगों की अन्य दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। 51 लोग घायल हुए हैं। सभी मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।

19 जिलों में स्कूलों की छुट्टियां

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सरकार ने 19 जिलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। प्रशासन ने रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक के आदेश जारी किए हैं। छुट्टियों की अवधि भी अलग-अलग जिलों में अलग-अलग तय की गई है। सीकर, करौली, कोटा, खैरथल-तिजारा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, अजमेर, कोटपुतली-बहारोड, सिरोही, बूंदी, भीलवाड़ा, उदयपुर और सवाई माधोपुर में 25 अगस्त को एक दिन की छुट्टी रहेगी। अलवर, जयपुर, दौसा, नागौर और डीडवाना-कुचामन में 25 और 26 अगस्त को दो दिन स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, टोंक जिले में हालात को देखते हुए तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। 25 से 27 अगस्त तक स्कूलों में अवकाश रहेगा।

एसडीआरएफ की 57 और एनडीआरएफ की 7 टीमें तैनात

राज्य में एसडीआरएफ की 57 और एनडीआरएफ की 7 टीमें तैनात हैं। अब तक 792 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। राजस्थान में अब तक औसतन 522.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 51 प्रतिशत अधिक है।

27 अगस्त तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य में 27 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। आज सिरोही, राजसमंद और उदयपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 13 जिलों में येलो अलर्ट है। इनमें गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, अलवर, नागौर, जोधपुर, पाली, जालौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर शामिल हैं। रविवार को नागौर में सबसे ज़्यादा 7 इंच बारिश दर्ज की गई।

सवाई माधोपुर में एक दर्जन गाँव जलमग्न

सीकर शहर में मुख्य बाज़ार, बस स्टैंड और पुलिस चौकी तक पानी भर गया। नागौर ज़िले के बछड़ाखाड़ा में मकान ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। लोहारपुरा में भी एक पुराना मकान ढह गया। उदयपुर के डबोक स्थित कुंवारी माइंस में भरे पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। चूरू के पुलासर गाँव में तालाब में नहाने गए दो किशोर डूब गए। झालावाड़ में कालीसिंध नदी की पुलिया पर एक कार बह गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग अभी भी लापता हैं। सवाई माधोपुर में एक दर्जन गाँव जलमग्न हो गए हैं।

24 घंटे में बारिश का नया रिकॉर्ड बना

24 घंटे में बारिश का नया रिकॉर्ड बना. नागौर में 173 मिमी, देह में 137 मिमी, जायल में 112 मिमी, खींवसर में 99 मिमी, अजमेर शहर में 61 मिमी, नसीराबाद में 51 मिमी, बीकानेर के लूणकरणसर में 91 मिमी, दौसा के लालसोट में 62 मिमी, हनुमानगढ़ के गोलूवाला में 92 मिमी और सिरोही के माउंट आबू में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई।