Aapka Rajasthan

राजस्थान में मानसून मेहरबान: कोटा में झमाझम बारिश, जालोर-पाली में उफान पर नदी-नाले; फुटेज में देंखे चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली से 3 की मौत

राजस्थान में मानसून मेहरबान: कोटा में झमाझम बारिश, जालोर-पाली में उफान पर नदी-नाले; फुटेज में देंखे चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली से 3 की मौत
 
राजस्थान में मानसून मेहरबान: कोटा में झमाझम बारिश, जालोर-पाली में उफान पर नदी-नाले; फुटेज में देंखे चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली से 3 की मौत

राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। मंगलवार सुबह कोटा में तेज बारिश हुई, जबकि जालोर और पाली में नदी-नाले उफान पर आ गए। कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। सबसे दुखद घटना चित्तौड़गढ़ से सामने आई, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, दोपहर बाद गंगापुर सिटी और अलवर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

जालोर में नदी पार करते समय पलटी जीप

लगातार बारिश के कारण जालोर जिले में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। एक स्थान पर तेज बहाव के बीच जीप पलट गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल प्रशासन लोगों से बहते पानी में वाहन नहीं उतारने की अपील कर रहा है।

मौसम विभाग का 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान में 9 जुलाई तक भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से गुजर रही मानसून ट्रफ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।

सोमवार को भी कई जिलों में हुई थी मूसलाधार बारिश

इससे पहले सोमवार को जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में तीन इंच तक बारिश दर्ज की गई थी। जोधपुर में तेज बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं और हाईवे पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।लगातार हो रही बारिश से बांधों और जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ रही है, जिससे किसानों और आम लोगों में खुशी का माहौल है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के पास जाने से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भी कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तुरंत तैनात करने की तैयारी की गई है।