Aapka Rajasthan

राजस्थान में मानसून का कहर जारी: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, वीडियो में देंखे महाराष्ट्र की बारिश से 4 ट्रेनें रद्द; 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में मानसून का कहर जारी: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, वीडियो में देंखे महाराष्ट्र की बारिश से 4 ट्रेनें रद्द; 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
 
राजस्थान में मानसून का कहर जारी: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, वीडियो में देंखे महाराष्ट्र की बारिश से 4 ट्रेनें रद्द; 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण बिगड़े हालात का असर राजस्थान के रेल यातायात पर भी पड़ा है। महाराष्ट्र रूट पर जलभराव और अन्य समस्याओं के चलते कोटा, जयपुर और हनुमानगढ़ आने वाली 4 ट्रेनों को रद्द किया गया है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। भरतपुर, धौलपुर, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को राजस्थान के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मानसून का असर देखने को मिला। कई इलाकों में तेज बारिश हुई और कुछ स्थानों पर करीब तीन इंच तक पानी बरसा। भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर, करौली, चित्तौड़गढ़, भरतपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के बीच अजमेर जिले के किशनगढ़ में बड़ा हादसा हो गया। यहां लगातार बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें एक परिवार के तीन लोग दब गए। हादसे में माता-पिता और उनका बच्चा मलबे में फंस गए। सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मौसम विभाग ने राजस्थान में अभी बारिश से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में 10 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के जिलों में भारी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इस मानसून सीजन में राजस्थान में अब तक औसतन 84.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 3 प्रतिशत अधिक है। लगातार बारिश के कारण कई बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ रही है, वहीं नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ गया है।

हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद भी जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है और मानसून कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है।

इधर, प्रशासन ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रेलवे विभाग भी महाराष्ट्र में बारिश के कारण प्रभावित रूटों पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों को ट्रेन की स्थिति जांचकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।