राजस्थान में मानसून पर ब्रेक जारी, 21 जुलाई से फिर सक्रिय होने के संकेत; वीडियो में जाने 23 से 26 जुलाई तक बीकानेर-जोधपुर संभाग में तेज बारिश की संभावना
राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। प्रदेश में मानसून ब्रेक की स्थिति के कारण बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के करीब 10 जिलों में बारिश की संभावना है, लेकिन कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। राज्य में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है और कहा है कि 21 जुलाई से मानसून गतिविधियां फिर से सक्रिय हो सकती हैं।
21 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम केंद्र के अनुसार, 21 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इस दिन राज्य के 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया जा सकता है।इसके बाद 22-23 जुलाई से प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में भी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं, 23 से 26 जुलाई के बीच बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इनमें—
- बाड़मेर
- बालोतरा
- जालोर
- सिरोही
- उदयपुर
- सलूंबर
- डूंगरपुर
- बांसवाड़ा
- बारां
- झालावाड़
शामिल हैं।
हालांकि, फिलहाल किसी भी जिले में तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है।
डूंगरपुर, कोटा और अलवर में हुई बारिश
बीते 24 घंटे में प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश डूंगरपुर, कोटा और अलवर जिलों में हुई।शुक्रवार को डूंगरपुर में 12.5 एमएम और कोटा में 16.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, अलवर में देर शाम तेज बारिश हुई।
गर्मी और उमस से राहत नहीं
मानसून कमजोर होने के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस का दौर अभी भी जारी है। कई जिलों में बादलों की आवाजाही के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है।मौसम विभाग के अनुसार, श्रीगंगानगर सहित चार जिलों में दिन का तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
अगले तीन-चार दिन हल्की बारिश के आसार
मौसम केंद्र ने बताया कि कमजोर मानसून के चलते अगले तीन से चार दिनों तक कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।इसके बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को आने वाले दिनों में मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
