राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; 15 सितंबर तक जारी रहेगा दौर
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदे के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार दोपहर बाद भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में मौसम बदला और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए बदलाव के कारण जयपुर, दौसा समेत कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
15 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में बारिश का यह दौर अभी जारी रहने की संभावना है। विभाग ने प्रदेश में 15 सितंबर तक मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहने का अनुमान जताया है।हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान में बारिश और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम अभी दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश से लगे क्षेत्र में सक्रिय है।यह सिस्टम अगले 24 घंटे में मध्य भारत से होते हुए पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी वजह से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।इन इलाकों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान के इलाकों में बारिश की संभावना अधिक बनी हुई है।पिछले दिनों बारिश की रफ्तार धीमी होने के बाद किसानों और आम लोगों को एक बार फिर सक्रिय मानसून से राहत की उम्मीद है। हालांकि, तेज बारिश वाले क्षेत्रों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बरकरार
जहां एक ओर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी का असर अभी भी जारी है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश और गर्मी दोनों का मिला-जुला असर बना रह सकता है।
