जयपुर में मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; वीडियो में देंखे अस्पताल परिसर से चोरी के 8 फोन बरामद
SMS Hospital Jaipur थाना पुलिस ने एक संगठित मोबाइल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक कीमत के 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अस्पताल परिसर और आपास के क्षेत्रों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को आगे अपराधियों तक पहुंचाने का काम भी करते थे, जिससे पूरे नेटवर्क के सक्रिय होने का संकेत मिला है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम खान उर्फ छमिया और मुन्ना उर्फ ईद्दू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर उनकी गतिविधियों की पहचान की गई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन सहित कुल 8 एंड्रॉयड फोन बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह मोबाइल चोरी के बाद उन्हें अलग-अलग जगहों पर खपाने का काम करता था। अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है और इसके पीछे और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
