Aapka Rajasthan

जयपुर में सूने मकान में घुसे बदमाश, पानी की मोटर से लेकर 70 हजार की मशीन तक चोरी; वीडियो में जाने छत पर छिपाकर छोड़ी लोहे की रॉड

जयपुर में सूने मकान में घुसे बदमाश, पानी की मोटर से लेकर 70 हजार की मशीन तक चोरी; वीडियो में जाने छत पर छिपाकर छोड़ी लोहे की रॉड
 
जयपुर में सूने मकान में घुसे बदमाश, पानी की मोटर से लेकर 70 हजार की मशीन तक चोरी; वीडियो में जाने छत पर छिपाकर छोड़ी लोहे की रॉड

जयपुर के मानसरोवर इलाके में बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से पानी की मोटर, पाइप, मशीन और कीमती उपकरणों के साथ बिजली के तारों के बंडल भी ले गए। बदमाश चोरी का सामान प्लास्टिक के कट्टों में भरकर फरार हो गए। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मानसरोवर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मानसरोवर निवासी सुमित भार्गव ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह फाइबर का कारोबार करते हैं। घटना 10 नवंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर बदमाश मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, चोरों ने घर में घुसते ही पानी की मोटर और पाइप खोल लिए। इसके बाद वे 3 एचपी की मशीन भी उठा ले गए। बदमाशों ने करीब 25 हजार रुपए कीमत के बिजली के तारों के बंडल और 70 हजार रुपए कीमत की फाइबर केबल जांचने वाली मशीन को भी निशाना बनाया। चोरों ने सभी सामान को प्लास्टिक के कट्टों में भरा और लेकर फरार हो गए।

छत पर मिली लोहे की रॉड, सीसीटीवी देखने पर चला चोरी का पता

पीड़ित सुमित भार्गव ने बताया कि रात करीब 11 बजे परिवार के साथ घर लौटे थे। इसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे दीपावली की लाइटिंग बंद करने के लिए छत पर गए। वहां उन्हें लोहे की एक रॉड पड़ी हुई मिली। उन्हें शक हुआ कि कोई अनजान व्यक्ति घर में घुसा हो सकता है।इसके बाद उन्होंने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर घर में चोरी होने की जानकारी सामने आई। पीड़ित के अनुसार, बदमाश चोरी के दौरान लोहे की रॉड लेकर आए थे और वारदात के बाद उसे छत पर छोड़ गए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच

चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मानसरोवर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।