टोंक के पलाई टोल प्लाजा पर बदमाशों का हमला, वीडियो में देखें तीन गाड़ियों में आए आरोपियों ने की तोड़फोड़
राजस्थान के टोंक जिले में देर रात पलाई टोल प्लाजा पर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। तीन गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने टोल काउंटर पर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। यह वारदात उनियारा थाना क्षेत्र के पलाई टोल प्लाजा पर सोमवार रात करीब सवा 12 बजे हुई। अचानक हुए इस हमले से टोलकर्मी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए काउंटर छोड़कर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे थे। आते ही उन्होंने लाठियों से टोल काउंटर पर हमला शुरू कर दिया। काउंटर के शीशे तोड़ दिए गए और अंदर रखा सामान इधर-उधर बिखेर दिया गया।
CCTV में कैद वारदात:
पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में टोल पर भारी नुकसान पहुंचाया और फिर मौके से फरार हो गए।
लाखों का नुकसान:
इस घटना में टोल प्लाजा को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। काउंटर के शीशे, कंप्यूटर और अन्य जरूरी उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद टोल संचालन भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
पुलिस में मामला दर्ज:
मामले में टोल के एकाउंटेंट राजकुमार चौधरी ने मंगलवार दोपहर उनियारा थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
