जोधपुर में मिर्चीबड़ा खाने पहुंचे मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, वीडियो में जाने खुद किया पेमेंट; लोगों के साथ ली सेल्फी
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का मंगलवार को जोधपुर का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। निजी यात्रा पर शहर पहुंचे मंत्री अचानक जालोरी गेट स्थित एक प्रसिद्ध नमकीन की दुकान पर मिर्चीबड़ा खाने पहुंच गए। उन्होंने आम ग्राहकों की तरह दुकान के काउंटर पर लाइन में खड़े होकर मिर्चीबड़ा खरीदा, खुद भुगतान किया और वहीं खड़े होकर लोगों से बातचीत करते हुए इसका स्वाद लिया। मंत्री को अपने बीच देखकर दुकान पर मौजूद लोग पहले तो हैरान रह गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
कुलदेवी नागणेची माता के दर्शन के बाद पहुंचे दुकान
जानकारी के अनुसार, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पिछले दो दिनों से निजी यात्रा पर जोधपुर में हैं। मंगलवार को उन्होंने अपनी कुलदेवी नागणेची माता के दर्शन किए। मंदिर से लौटते समय उन्होंने अपने साथियों से कहा कि उन्हें शहर का सबसे प्रसिद्ध मिर्चीबड़ा खाना है।इसके बाद उनके सहयोगी उन्हें जालोरी गेट स्थित एक मशहूर नमकीन की दुकान पर लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के बीच खड़े होकर मिर्चीबड़ा खरीदा।
बोले- मिर्चीबड़ा खाए बिना अधूरी है जोधपुर की यात्रा
मिर्चीबड़ा का स्वाद लेने के बाद मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा,
"यहां का नमकीन बहुत ही शानदार है। यहां आकर यह नहीं खाया तो मतलब नहीं। जब हम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे तो मैंने साथ वालों से कहा कि मुझे वहां ले चलो, जहां सबसे अच्छा मिर्चीबड़ा मिलता है। यदि जोधपुर आए और मिर्चीबड़ा नहीं खाए, तो जोधपुर की यात्रा अधूरी रह जाती है।"
लोगों से की मुलाकात, खिंचवाई तस्वीरें
दुकान पर मौजूद लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई लोगों ने उनके साथ बातचीत की और सेल्फी भी ली। मंत्री ने भी बिना किसी औपचारिकता के लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
खुद ड्राइव कर हुए रवाना
मिर्चीबड़ा खाने और लोगों से मुलाकात के बाद मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ अपनी कार तक पहुंचे और खुद ड्राइव करते हुए वहां से रवाना हो गए।जोधपुर अपने स्वादिष्ट मिर्चीबड़े, प्याज कचौरी और नमकीन के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में मंत्री का आम लोगों के बीच पहुंचकर स्थानीय व्यंजन का आनंद लेना चर्चा का विषय बन गया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार पल साबित हुआ और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है।
