Aapka Rajasthan

अजमेर टोल प्लाजा पर आधी रात बवाल, ट्रक ड्राइवर की पिटाई के आरोप के बाद जमकर तोड़फोड़; वीडियो में देंखे 20 किमी लंबा जाम लगा

अजमेर टोल प्लाजा पर आधी रात बवाल, ट्रक ड्राइवर की पिटाई के आरोप के बाद जमकर तोड़फोड़; वीडियो में देंखे 20 किमी लंबा जाम लगा
 
अजमेर टोल प्लाजा पर आधी रात बवाल, ट्रक ड्राइवर की पिटाई के आरोप के बाद जमकर तोड़फोड़; वीडियो में देंखे 20 किमी लंबा जाम लगा

राजस्थान के अजमेर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (NH-48) स्थित खेड़ी बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर शुक्रवार देर रात हिंसक बवाल हो गया। एक स्थानीय ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट से नाराज ट्रक ड्राइवरों ने टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और पत्थरों से टोल बूथ, कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरों में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर शुक्रवार आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट के विरोध में बड़ी संख्या में ट्रक ड्राइवरों ने टोल प्लाजा पर हमला कर दिया। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया और टोल प्लाजा पर भारी नुकसान हुआ।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक स्थानीय ट्रक चालक और टोल कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी से हुई। आरोप है कि बहस के दौरान टोल कर्मचारियों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पर मौजूद अन्य ट्रक चालक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कुछ ही देर में प्रदर्शन उग्र हो गया। गुस्साए ट्रक ड्राइवरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से टोल प्लाजा पर हमला कर दिया। इस दौरान कई टोल केबिनों के शीशे तोड़ दिए गए, कंप्यूटर सिस्टम क्षतिग्रस्त कर दिए गए और सीसीटीवी कैमरों को भी निशाना बनाया गया। टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति बिगड़ती देख अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

हंगामे का असर दिल्ली-मुंबई हाईवे पर भी देखने को मिला। टोल संचालन बाधित होने और वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रातभर हजारों वाहन हाईवे पर फंसे रहे, जिससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर भीड़ को हटाया गया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि तोड़फोड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि टोल कर्मचारियों और ट्रक चालक के बीच हुए विवाद की भी अलग से जांच की जाएगी। यदि मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और क्षतिग्रस्त उपकरणों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है। पूरे मामले की जांच जारी है।