डूंगरपुर में खेत में उगाया था गांजा, फुटेज में देंखे पुलिस ने 4.3 किलो पौधे किए जब्त; आरोपी गिरफ्तार
जिले में अवैध मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामसागड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नारेली गांव में एक खेत पर दबिश देकर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधे जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।रामसागड़ा थाना प्रभारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारेली फला वरहात निवासी दिनेश पुत्र कमा वरहात ने अपने खेत में बने मकान के पास अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
खेत से 4 किलो 300 ग्राम गांजे के पौधे जब्त
पुलिस टीम ने खेत की तलाशी ली तो वहां गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने मौके से कुल 4 किलो 300 ग्राम वजनी हरे-गीले गांजे के पौधे जब्त किए। इसके बाद आरोपी दिनेश वरहात को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने जब्त किए गए गांजे के पौधों को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने यह भी पता लगाने का प्रयास किया कि खेत में गांजे की खेती कितने क्षेत्र में की जा रही थी और इसके पीछे आरोपी का उद्देश्य क्या था।
अवैध खेती को लेकर पूछताछ जारी
आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दिनेश वरहात कब से गांजे की अवैध खेती कर रहा था और उसे इस काम के लिए किसी अन्य व्यक्ति से मदद मिल रही थी या नहीं।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि खेत में उगाए गए गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी। इसके अलावा इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
डूंगरपुर पुलिस की ओर से जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और खेती के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रामसागड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नारेली गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।
