जयपुर में दिवाली पर 6 से 9 नवंबर तक परकोटे के कई रास्ते बंद, वीडियो में जाने 8 जगह नो-व्हीकल जोन; यहां मिलेगी पार्किंग
जयपुर में दिवाली पर बाजारों में खरीदारी और रोशनी देखने आने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। परकोटा क्षेत्र में 6 से 9 नवंबर तक शाम 6 बजे से कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके साथ ही 8 जगह नो-व्हीकल जोन बनाए गए हैं। प्रमुख बाजारों की सड़कों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।
बाजारों में नहीं होगी वाहनों की पार्किंग
दिवाली के दौरान परकोटे के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और रोशनी देखने पहुंचते हैं। ऐसे में बाजारों की सड़कों पर वाहनों की पार्किंग नहीं होगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करें और बाजारों में आने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें।
इन रास्तों से आने वाले लोग यहां पार्क करें गाड़ियां
-
झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले लोग चांदपोल अनाज मंडी में वाहन पार्क कर सकते हैं। यहां से मेट्रो के जरिए परकोटे में पहुंच सकेंगे।
-
सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वाले लोगों को नजदीकी मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और मेट्रो से बाजार पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य परकोटे के बाजारों में वाहनों की संख्या कम करना और पैदल आने-जाने वाले लोगों को सुविधा देना है।
पैदल चलने वालों के लिए तय किए गए रास्ते
ट्रैफिक पुलिस ने परकोटे में पैदल आने-जाने वालों के लिए भी अलग रूट तय किए हैं।
- चांदपोल बाजार से आने वाले: छोटी चौपड़ पहुंचकर त्रिपोलिया बाजार रोड के मीडियन के दाईं ओर से त्रिपोलिया टी-पॉइंट, चौड़ा रास्ता, न्यू गेट, रामनिवास बाग और मानप्रकाश स्लिप लेन होते हुए टोंक रोड और जेएलएन मार्ग की तरफ जा सकेंगे।
- किशनपोल बाजार से आने वाले: दाईं ओर से छोटी चौपड़ पहुंचेंगे। यहां से त्रिपोलिया बाजार रोड के मीडियन के दाईं ओर से त्रिपोलिया टी-पॉइंट, चौड़ा रास्ता, न्यू गेट, रामनिवास बाग और मानप्रकाश स्लिप लेन होते हुए आगे जा सकेंगे।- जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ से आने वाले: त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, न्यू गेट, रामनिवास बाग और मानप्रकाश स्लिप लेन के रास्ते टोंक रोड और जेएलएन मार्ग की तरफ जा सकेंगे।- घाटगेट बाजार और रामगंज चौपड़ से आने वाले: बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता और न्यू गेट से आगे जा सकेंगे। इसके अलावा चार दरवाजा और सूरजपोल गेट के रास्ते भी आवागमन कर सकेंगे।
6 से 9 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
परकोटा क्षेत्र में 6 से 9 नवंबर तक शाम 6 बजे से कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा 8 स्थानों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालेंगे।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दिवाली पर परकोटे में आने से पहले पार्किंग और पैदल मार्ग की जानकारी रखें। संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करें, ताकि जाम से बचा जा सके और खरीदारी के दौरान परेशानी न हो।
