Aapka Rajasthan

सुधार गृह से खिड़की तोड़कर भागा आरोपी, रेप और हत्या के मामले दर्ज

 
सुधार गृह से खिड़की तोड़कर भागा आरोपी, रेप और हत्या के मामले दर्ज 

जयपुर न्यूज़ डेस्क , जयपुर के बाल सुधार गृह से सोमवार की सुबह संगीन जुर्म के 22 आरोपी खिड़की तोड़कर फरार हो गए। इनमें 8 लड़कों पर रेप और 13 लड़कों पर हत्या के प्रयास का केस चल रहा हैं। जबकि एक पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। गार्ड से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, और भागे हुए आरोपियों की तलाश शुरू की गई। घटना सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 4-5 बजे के बीच बाल सुधार गृह में अपने जुर्मो की सजा काट रहे 22 आरोपी जाली काटकर फरार हो गए। इसकी जानकारी गार्ड ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जानकारी के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। साथ ही नाबालिग के घरों के पास वाले थाने को भी सूचना दी गई है। सभी बाल अपराधी करीब 2 साल से बाल सुधार गृह में रह रहे थे।

राजस्थान में बाल अपचारियों के बाल सुधार गृह से भागने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जयपुर समेत विभिन्न बाल सुधार गृहों से बाल अपचारियों के भागने की वारदातें हो चुकी हैं। पहले भी एक साथ कई बाल अपचारी फरार हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही की वजह से बार-बार ये घटनाएं हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि जयपुर में इससे पहले बीते वर्ष जून माह के अंत में 15 बाल अपचारी फरार हो गए। वे सभी आधी रात के बाद बाथरूम के पीछे बनी चिमनी की जाली हटाकर फरार हो गए थे, उस समय वहां 3 सुरक्षाकर्मी तैनात थे।