सुंधा माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने पर एक युवक गिरफ्तार
जालोर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुंधा माता मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिला श्रद्धालुओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सुंधा माता मंदिर की सीढ़ियों पर कुछ युवकों द्वारा महिला श्रद्धालुओं को परेशान करने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में युवक महिलाओं के पीछे दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान महिलाएं डरकर चिल्लाती हैं और युवकों से बचने के लिए भागती नजर आती हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस व्यवहार पर नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर जसवंतपुरा पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की। जसवंतपुरा थाना प्रभारी डिम्पल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया। जांच के आधार पर जसवंतपुरा निवासी नरपत कुमार को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए गए संबंधित वीडियो भी डिलीट करवाए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
थाना प्रभारी के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे अन्य युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।सुंधा माता मंदिर जालोर जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं के साथ इस तरह का व्यवहार सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
