Aapka Rajasthan

जयपुर में जेडीए की बड़ी कार्रवाई, 80 से ज्यादा मकान-दुकानों पर चला बुलडोजर; वीडियो में जाने शादी की सजावट भी हटाई

जयपुर में जेडीए की बड़ी कार्रवाई, 80 से ज्यादा मकान-दुकानों पर चला बुलडोजर; वीडियो में जाने शादी की सजावट भी हटाई
 
जयपुर में जेडीए की बड़ी कार्रवाई, 80 से ज्यादा मकान-दुकानों पर चला बुलडोजर; वीडियो में जाने शादी की सजावट भी हटाई

जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर बुधवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेडीए की टीम 80 से ज्यादा मकानों और दुकानों से अवैध निर्माण हटा रही है। कार्रवाई गुर्जर की थड़ी के पास मेट्रो पिलर नंबर 84 से सोडाला तिराहे की ओर पिलर नंबर 107 तक करीब 800 मीटर के दायरे में की जा रही है।

इस दौरान सड़क की निर्धारित 100 फीट सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को तोड़ा जा रहा है। जेडीए की टीम ने होटल, मैरिज गार्डन, अस्पताल, मकान और दुकानों के बाहर बने रैंप, रेलिंग, टिनशेड, सीढ़ियां, चारदीवारी और आगे के हिस्सों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित होटल लजीज के आगे का हिस्सा भी तोड़ा गया।

शादी से पहले मैरिज गार्डन की सजावट हटाई

जेडीए की इस कार्रवाई के बीच कलकत्ता मैरिज गार्डन में होने वाली शादी को लेकर परिवार की मुश्किलें बढ़ गईं। बुधवार को यहां शादी का कार्यक्रम है और बारात जोधपुर से आने वाली है। लेकिन कार्रवाई के दौरान जेडीए की टीम ने मैरिज गार्डन के बाहर लगाया गया सजावट का गेट और शादी के लिए की गई सजावट भी हटा दी।इस घटना से दुल्हन के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य काफी दुखी हैं। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों के स्वागत के लिए सजावट की गई थी। कार्रवाई के कारण शादी के कार्यक्रम पर असर पड़ने की आशंका है।

कार्रवाई के विरोध में उतरे व्यापारी

न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए की कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि अचानक हुई कार्रवाई से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आगे बने हिस्से तोड़े जाने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वहीं, जेडीए की ओर से हाईकोर्ट के आदेश के तहत सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दायरे में आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के निर्माण शामिल हैं। सड़क सीमा में आने वाले हिस्सों को हटाने के लिए जेडीए की टीम मौके पर मौजूद है।इस कार्रवाई के चलते न्यू सांगानेर रोड पर आसपास के क्षेत्र में हलचल का माहौल है। एक ओर सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित लोग और व्यापारी अपनी परेशानी जता रहे हैं।