राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने 552 तहसीलदारों के किए तबादले, वीडियो में जाने 1735 अधिकारियों-कर्मचारियों को नई जिम्मेदारी
राजस्थान में तबादलों के आखिरी दिन प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला। रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने देर रात बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इनमें 552 तहसीलदारों के स्थानांतरण शामिल हैं। इसके अलावा तहसीलदार, नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, राजस्व लेखा सेवा, राजस्व अधीनस्थ लेखा सेवा और पटवारियों समेत कुल 1735 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया है।रेवेन्यू बोर्ड अजमेर के रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए हैं।
अधिकांश तहसीलदारों का बदला जिला और पद.
जारी आदेश के अनुसार, 552 तहसीलदारों में से अधिकांश अधिकारियों के जिले और पद में बदलाव किया गया है। वहीं, कुछ तहसीलदारों को उनके वर्तमान जिले में ही नई जिम्मेदारी देकर समायोजित किया गया है।तबादलों के जरिए राजस्व विभाग में कामकाज को बेहतर बनाने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास किया गया है।
तबादलों के अंतिम दिन देर रात तक जारी होते रहे आदेश
राजस्थान में शुक्रवार को तबादलों का अंतिम दिन था। इसी के चलते दिनभर तबादलों का दौर चलता रहा और देर रात तक अलग-अलग विभागों की कई सूचियां जारी की गईं।रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने भी अंतिम दिन बड़े स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची जारी की। इससे राजस्व विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित तबादलों को लेकर चल रही प्रक्रिया पूरी हुई।
राजस्व विभाग में कई स्तरों पर बदलाव
तहसीलदारों के अलावा नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक, राजस्व लेखा सेवा और राजस्व अधीनस्थ लेखा सेवा के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी नई जगहों पर भेजा गया है।इसके साथ ही पटवारियों के स्थानांतरण भी किए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इन बदलावों से फील्ड स्तर पर राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों से जुड़े कामों का बेहतर तरीके से निपटारा हो सकेगा।
आने वाले दिनों में दिखेगा असर
राजस्व विभाग में तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की भूमिका जमीन से जुड़े मामलों, रिकॉर्ड सुधार, नामांतरण, सीमांकन और प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर हुए फेरबदल का असर आने वाले दिनों में विभागीय कामकाज पर देखने को मिलेगा।फिलहाल सभी स्थानांतरित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
