अलवर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, फुटेज में जाने रोड नंबर-2 पर बुलडोजर, दर्जनों अस्थाई दुकानें हटाईं
राजस्थान के अलवर शहर में नगर निगम और यूआईटी (UIT) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की। शहर के रोड नंबर-2, मेव बोर्डिंग के बाहर लगी सभी अस्थाई दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारी व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कई बार बहस की स्थिति भी बनी।अभियान के तहत व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश जुनेजा सहित कई दुकानों के आगे किए गए अवैध अतिक्रमण पर भी बुलडोजर चलाया गया। टीम ने सड़क किनारे बने टीनशेड, रैंप और अस्थाई निर्माणों को हटाया, जो स्वीकृत सीमा से अधिक या नियमों के विपरीत पाए गए थे।
इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक बीजेपी नेता की दुकान के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई थी, जिसमें प्रशासन को लंबी कागजी प्रक्रिया और जांच से गुजरना पड़ा था।गुरुवार की कार्रवाई के दौरान जब भी नगर निगम और यूआईटी के दस्ते जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे, व्यापारी अपने-अपने दस्तावेज लेकर विरोध में खड़े हो गए। कई जगहों पर अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें समझाकर कार्रवाई जारी रखी।
दस्ते ने दर्जनों स्थानों पर अतिक्रमण हटाया और अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों, ऊंचे रैंप और अतिरिक्त निर्माणों को तोड़ दिया। अधिकारियों अनुसार, यह अभियान सड़क को सुचारू और सुरक्षित यातायात के लिए चलाया जा रहा है।नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अनधिकृत निर्माणों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
वहीं, व्यापारियों का कहना है कि कई जगहों पर वर्षों पुराने निर्माणों को बिना पर्याप्त समय दिए हटाया गया है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे पर कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से पुनर्विचार की मांग भी की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन का अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहने की संभावना है।
