जयपुर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई, वीडियो में देंखे 700 किलो नकली पनीर बरामद, सप्लाई से पहले पुलिस ने पकड़ा
राजधानी जयपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत जवाहर नगर थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापेमारी कर 700 किलो से अधिक नकली पनीर बरामद किया है, जिसे बाजार में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी।यह कार्रवाई जवाहर नगर थाना क्षेत्र के टीला नंबर 1 इलाके में की गई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश दी। सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर और मावा की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।3
पुलिस ने जिस स्थान पर कार्रवाई की, वह राजेश डेयरी बताया जा रहा है। यहां से भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया गया, जिसे कथित रूप से बाजार में बेचने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से यह माल उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच सका।घटना के बाद मौके पर खाद्य विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जिसने बरामद पनीर के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि यह पनीर किन तत्वों से तैयार किया गया था और इसमें किस प्रकार की मिलावट की गई थी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही छापेमारी से प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नकली पनीर की सप्लाई किन-किन जगहों पर की जानी थी। साथ ही सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और मांग की है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो सके। फिलहाल, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
