उदयपुर में नगर निगम का बड़ा एक्शन, रेलवे स्टेशन के सामने करोड़ों की जमीन से हटाया कब्जा: फुटेज में देंखे चेतक मॉल के बाहर 80 फीट का अवैध चबूतरा तोड़ना शुरू
राजस्थान के उदयपुर में नगर निगम गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आया। शहर में अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था को लेकर निगम ने एक ही दिन में तीन मोर्चों पर कार्रवाई की। रेलवे स्टेशन के सामने करोड़ों रुपए की बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। वहीं, चेतक सर्कल स्थित चेतक मॉल के बाहर पार्किंग की जमीन पर बने 80 फीट लंबे अवैध चबूतरे को तोड़ने का काम शुरू किया गया। इससे पहले महापौर पारस सिंघवी ने सुबह पिछोला झील और आसपास के पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। यहां गंदगी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई तथा सफाई व्यवस्था में तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन के सामने दो जेसीबी से हटाए अवैध निर्माण
नगर निगम ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अपनी करोड़ों रुपए की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कार्रवाई की। महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचा। यहां लंबे समय से कुछ लोगों ने कच्चे और पक्के निर्माण कर अवैध कब्जे कर रखे थे।निगम के अनुसार, कब्जाधारियों को पहले भी अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने इन निर्देशों की पालना नहीं की। इसके बाद गुरुवार को दो जेसीबी मशीनों और डंपर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। मौके से मलबा भी हटाया गया और जमीन को निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।
चेतक मॉल के बाहर 80 फीट का चबूतरा तोड़ना शुरू
दूसरी कार्रवाई चेतक सर्कल स्थित चेतक मॉल के बाहर की गई। यहां पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर करीब 80 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा पक्का चबूतरा बना दिया गया था। इसके कारण मॉल में आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़े करने में परेशानी हो रही थी। पार्किंग की जगह नहीं मिलने से कई लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े कर रहे थे, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा था।नगर निगम ने पहले संपत्ति मालिक को नोटिस देकर निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद चबूतरा नहीं हटाया गया। गुरुवार को निगम की टीम ने चबूतरे की दीवार और फर्श तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। निर्माण मजबूत होने के कारण पहले दिन करीब एक चौथाई हिस्सा ही तोड़ा जा सका। बाकी हिस्से को शुक्रवार सुबह मशीनों की मदद से हटाने की योजना बनाई गई।
पिछोला झील पर गंदगी देख महापौर नाराज
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले महापौर पारस सिंघवी ने अलसुबह पिछोला झील और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान चांदपोल पुलिया के आसपास और झील किनारे सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर की नहीं मिली। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।उन्होंने झीलों की स्वच्छता और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं में भी कमियां सामने आईं। इस पर संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया और तीन दिन के भीतर सफाई तथा रखरखाव व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। तय समय में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।नगर निगम की इन कार्रवाइयों का उद्देश्य शहर की सार्वजनिक जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराना, पार्किंग की व्यवस्था बेहतर करना और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना है। रेलवे स्टेशन और चेतक मॉल के आसपास अतिक्रमण हटने से यातायात और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। वहीं, पिछोला झील की सफाई को लेकर दिए गए निर्देशों के बाद अब निगम की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
