जैसलमेर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 2 तस्कर गिरफ्तार, एमडीएमए और स्मैक बरामद
राजस्थान के जैसलमेर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार को भी जब्त कर लिया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में की गई। जिला स्पेशल टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर इस ऑपरेशन को सफल बनाया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के बबर मगरा इलाके में स्थित माहेश्वरी सेवा सदन के पीछे एक संदिग्ध गतिविधि चल रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर एक गुजरात नंबर की स्विफ्ट कार को चारों ओर से घेरकर रोक लिया।कार की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले, जिनमें 516 ग्राम एमडीएमए, करीब 95 ग्राम स्मैक और 80 ग्राम अफीम का दूध शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में नशे की बरामदगी को पुलिस ने गंभीर अपराध की श्रेणी में माना है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीमावर्ती क्षेत्रों से नशीले पदार्थ लाकर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करने की योजना में थे।पुलिस ने मौके से बरामद कार को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग कथित रूप से तस्करी के लिए किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि कार के रजिस्ट्रेशन और उसके पिछले रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
