जयपुर-आगरा हाईवे पर बड़ा हादसा टला, वीडियो में जाने स्टीयरिंग फेल होने से बेकाबू बस पेट्रोल-सीएनजी पंप की दीवार तोड़ खेत में घुसी
राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जयपुर से आगरा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की अचानक स्टीयरिंग फेल हो गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पेट्रोल-सीएनजी पंप की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जा घुसी। हादसे में बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए। हालांकि, बस पेट्रोल और सीएनजी मशीनों से महज कुछ फीट की दूरी से निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना दौसा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित संवास पेट्रोल-सीएनजी पंप पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुई। हादसे के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसे का खौफनाक मंजर
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप की ओर बढ़ती है। बस सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए पेट्रोल और सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीनों के बेहद करीब से गुजर जाती है और कुछ ही दूरी पर जाकर खेत में रुक जाती है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस लहराते हुए पंप परिसर में दाखिल हुई। अगर बस सीधी पेट्रोल या सीएनजी मशीनों से टकरा जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
14 यात्रियों में से तीन घायल
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में कुल 14 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन यात्रियों को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।बस के खेत में रुकने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
स्टीयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक का कहना है कि अचानक स्टीयरिंग फेल होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद बस सीधे पेट्रोल पंप की तरफ चली गई। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बड़ा हादसा टलने से लोगों ने ली राहत की सांस
पेट्रोल और सीएनजी जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण यह हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। बस का डिस्पेंसिंग मशीनों से टकराने से बच जाना एक बड़ी राहत मानी जा रही है। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए डर का माहौल बना रहा।फिलहाल पुलिस ने बस को मौके से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी है। प्रशासन ने भी हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
