उदयपुर में सड़क पर टहलता दिखा लेपर्ड, युवकों ने बनाया वीडियो; बोले- ‘शेरू भैया कैसे हो’
उदयपुर के सायरा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक लेपर्ड सड़क पर घूमता दिखाई दिया। जंगल क्षेत्र से निकलकर सड़क पर आए लेपर्ड को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। इस दौरान दो युवकों ने अपनी गाड़ी के अंदर से लेपर्ड का वीडियो बना लिया। वीडियो में युवक लेपर्ड से मजाकिया अंदाज में बातचीत करते हुए भी नजर आए।
घटना सायरा थाना क्षेत्र के नांदेशमा-ढोल मार्ग की बताई जा रही है। यहां चामुंडा माता मंदिर के पास देर रात एक लेपर्ड सड़क पर टहलता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों की नजर उस पर पड़ी। युवकों ने बिना गाड़ी से बाहर निकले मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
युवकों ने गाड़ी के अंदर से बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, नांदेशमा निवासी कृष्ण गोपाल पालीवाल और सेमटाल निवासी योगेश पालीवाल अपनी क्रेन लेकर नांदेशमा-ढोल मार्ग से गुजर रहे थे। दोनों युवक रास्ते में खाई में गिरी एक कार को निकालने के लिए जा रहे थे। तभी चामुंडा माता मंदिर के पास अचानक सड़क पर लेपर्ड दिखाई दिया।लेपर्ड कुछ देर तक सड़क पर आराम से घूमता रहा। इसके बाद लोगों की मौजूदगी को देखते हुए वह सड़क किनारे बनी एक दीवार पर चढ़कर बैठ गया। युवकों ने इसी दौरान उसका वीडियो बना लिया।वीडियो में युवक लेपर्ड को देखकर कहते सुनाई दे रहे हैं- “और शेरू भैया कैसे हो, तबीयत-पानी कैसी है, बहुत दिनों बाद दर्शन हुए हैं, आराम से सो जाओ।” हालांकि दोनों युवक लगातार गाड़ी के अंदर बैठे रहे और उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश नहीं की।
क्षेत्र में अक्सर नजर आते हैं वन्यजीव
सायरा क्षेत्र अरावली की पहाड़ियों और वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यहां आए दिन वन्यजीवों की मौजूदगी देखने को मिलती है। खासतौर पर लेपर्ड कई बार आबादी वाले इलाकों और सड़कों के आसपास दिखाई दे जाते हैं।वन विभाग लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि जंगल या वन्यजीव क्षेत्र में लेपर्ड दिखाई देने पर दूरी बनाए रखें और उसे परेशान न करें। वन्यजीवों के करीब जाने या उन्हें उकसाने से खतरा बढ़ सकता है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लेपर्ड सामान्य तौर पर इंसानों से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन अचानक आमना-सामना होने पर स्थिति खतरनाक हो सकती है। ऐसे में लोगों को वन्यजीव दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और तुरंत इसकी सूचना संबंधित विभाग को देनी चाहिए।फिलहाल लेपर्ड के सड़क पर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर उत्सुकता है, लेकिन वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
