Aapka Rajasthan

सवाई माधोपुर में घर में घुसा लेपर्ड: सो रही बुजुर्ग महिला को 10 मीटर तक घसीटा, फुटेज में देंखे बेटे ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान; गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा

सवाई माधोपुर में घर में घुसा लेपर्ड: सो रही बुजुर्ग महिला को 10 मीटर तक घसीटा, फुटेज में देंखे बेटे ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान; गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा
 
सवाई माधोपुर में घर में घुसा लेपर्ड: सो रही बुजुर्ग महिला को 10 मीटर तक घसीटा, फुटेज में देंखे बेटे ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान; गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में लेपर्ड के हमले ने दहशत फैला दी। टोडरा गांव में रविवार देर रात एक लेपर्ड घर में घुस गया और आंगन में चारपाई पर सो रही 78 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। लेपर्ड महिला के सिर और गर्दन को जबड़े में दबाकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। वह महिला को दीवार फांदकर जंगल की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बेटे की सूझबूझ और परिवार के शोर मचाने से महिला की जान बच गई।घटना के बाद घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ कर दी।

आधी रात को घर में घुसा लेपर्ड

घटना रविवार रात करीब 12 बजे टोडरा गांव में हुई। घायल महिला के बेटे विनोद कुमार ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। उनकी 78 वर्षीय मां लीला देवी आंगन में चारपाई पर सो रही थीं।इसी दौरान एक लेपर्ड दीवार फांदकर घर में घुस आया और सीधे महिला पर हमला कर दिया। उसने महिला के सिर और गर्दन को अपने मुंह में दबोच लिया और उन्हें करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।

बेटे ने पकड़ लिए मां के पैर, बच गई जान

विनोद कुमार ने बताया कि मां की चीख सुनकर पूरा परिवार जाग गया। तब तक लेपर्ड महिला को मुंह में दबाकर दीवार पर चढ़ चुका था और दूसरी ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था।उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए दौड़कर मां के पैर पकड़ लिए। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। लोगों की आवाज सुनकर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिवार की बहादुरी और तत्परता से महिला की जान बच गई।

सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, वन विभाग कार्यालय में तोड़फोड़

घटना से नाराज ग्रामीण सोमवार सुबह करीब 11 बजे फलोदी रेंज कार्यालय पहुंच गए। लोगों ने सड़क जाम कर वन विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ भी की और वन विभाग से लेपर्ड को जल्द पकड़ने तथा गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल है।

वन विभाग अलर्ट, लेपर्ड की तलाश जारी

वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लेपर्ड को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला बाहर न छोड़ने तथा किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे को सामने ला दिया है, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।