उदयपुर में लेपर्ड ने 2 साल की बच्ची पर किया हमला, फुटेज में देंखे मौत; छत से लगाई छलांग
राजस्थान के उदयपुर जिले में लेपर्ड के हमले में 2 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान लेपर्ड ने छत से छलांग लगाकर उस पर हमला कर दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लेपर्ड वहां से भाग चुका था। बच्ची लहूलुहान हालत में आंगन में पड़ी थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे उदयपुर शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर गिर्वा पंचायत समिति क्षेत्र की लकड़वास ग्राम पंचायत के धामधर गांव में हुई। यह गांव पहाड़ी इलाके के पास बसा है। यहां पहाड़ी पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर घर बने हुए हैं। सुरेश मीणा का घर भी पहाड़ी से सटा हुआ है।सुरेश मीणा की 2 साल की बेटी नीलम उर्फ नगीना गुरुवार शाम घर के आंगन में खेल रही थी। उस समय उसकी मां घर के अंदर खाना बना रही थी। परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक लेपर्ड छत से बच्ची के ऊपर कूद पड़ा और उस पर हमला कर दिया।
रोने की आवाज सुनकर बाहर आए परिजन
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी मां और परिवार के दूसरे लोग तुरंत बाहर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नीलम लहूलुहान हालत में आंगन में पड़ी थी। परिवार के लोगों के पहुंचने तक लेपर्ड वहां से भाग गया था। इसके बाद परिजन बच्ची को उठाकर तुरंत उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। दो साल की बच्ची की इस तरह मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
पहाड़ी के पास बना है बच्ची का घर
बच्ची के चाचा रमेश मीणा ने बताया कि घटना के समय नीलम की मां घर के अंदर खाना बना रही थी और बच्ची आंगन में खेल रही थी। तभी लेपर्ड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।धामधर गांव पहाड़ी क्षेत्र के नजदीक स्थित है। पहाड़ी पर अलग-अलग दूरी पर मकान बने हुए हैं और सुरेश मीणा का घर भी पहाड़ी से सटा हुआ है। ऐसे में घर के आंगन में खेल रही बच्ची पर लेपर्ड के हमले की घटना ने परिवार और ग्रामीणों को झकझोर दिया है।
