Aapka Rajasthan

लॉरेंस गैंग की बड़ी साजिश का खुलासा, पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की थी प्लानिंग, फुटेज में देंखे फार्म हाउस की कराई रेकी

लॉरेंस गैंग की बड़ी साजिश का खुलासा, पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की थी प्लानिंग, फुटेज में देंखे फार्म हाउस की कराई रेकी
 
लॉरेंस गैंग की बड़ी साजिश का खुलासा, पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की थी प्लानिंग, फुटेज में देंखे फार्म हाउस की कराई रेकी

जोधपुर में गिरफ्तार किए गए लॉरेंस गैंग से जुड़े कथित शूटरों से पूछताछ में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को लेकर बड़ी साजिश की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गैंग ने सिरोही में कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से लोढ़ा की तस्वीर मिलने की बात भी सामने आई है।

फार्म हाउस की कई दिनों तक की गई रेकी

पूछताछ में सामने आया कि दोनों कथित शूटर नेपाल के रास्ते राजस्थान पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें सिरोही में स्थित संयम लोढ़ा के फार्म हाउस की रेकी करने के लिए भेजा गया था। आरोपियों ने कई दिनों तक फार्म हाउस और आसपास के इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी।पुलिस जांच के मुताबिक, उस दौरान फार्म हाउस पर पार्षदों और अन्य लोगों की काफी भीड़ थी। भीड़ को देखते हुए गैंग ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने का प्लान बदल दिया। इसके बाद दोनों शूटरों को जोधपुर भेज दिया गया।

विदेश से ऑपरेट होने की बात

जांच में यह भी सामने आने की बात कही जा रही है कि पूरी साजिश को विदेश से ऑपरेट किया जा रहा था। वहीं, हरियाणा में मौजूद गैंग के गुर्गों के जरिए कथित शूटरों को स्थानीय स्तर पर मदद और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराने की योजना थी।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों को किसने निर्देश दिए थे, उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और उन्हें स्थानीय स्तर पर किस तरह की मदद उपलब्ध कराई गई।

मोबाइल से मिली तस्वीर, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की तस्वीर मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा फार्म हाउस की रेकी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रेकी कब-कब की गई और उस दौरान आरोपियों ने किन लोगों से संपर्क किया था।

विचारों में मतभेद को बताया वजह

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी बताया कि संयम लोढ़ा और उनके भाई के विचारों में मतभेद थे और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, यह दावा फिलहाल आरोपियों की पूछताछ में सामने आया कथित बयान है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि और साजिश के वास्तविक मकसद का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कथित साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या वारदात को अंजाम देने के लिए आगे कोई ठोस तैयारी की गई थी।