जयपुर में मकान मालिक की हत्या, एडवांस रुपए और मकान खाली करने को लेकर हुआ विवाद, वीडियो में जाने किराएदार ने सीमेंट की ईंट से सिर पर किया वार
मानसरोवर में मकान मालिक दीपक कुलश्रेष्ठ की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान महेश शर्मा के रूप में हुई है, जो जूनियर अकाउंटेंट बताया जा रहा है। हत्या के बाद वह अपने रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया था। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ लिया।
एडवांस रुपए और मकान खाली करने को लेकर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि महेश शर्मा का मकान मालिक दीपक कुलश्रेष्ठ से किराए के एडवांस रुपए लौटाने और मकान खाली करने को लेकर विवाद चल रहा था।गुरुवार शाम दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में करीब 4 किलो वजनी सीमेंट की ईंट उठाकर दीपक के सिर पर मार दी।
सिर पर वार से फर्श पर गिर गए दीपक
सीमेंट की ईंट से सिर पर जोरदार वार होने के बाद दीपक कुलश्रेष्ठ गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में फर्श पर गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी महेश शर्मा वहां से फरार हो गया और अपने एक रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया। पुलिस ने तलाश करते हुए शुक्रवार को उसे रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बोला- डरकर भाग गया था
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद वह डर गया था, इसलिए वहां से भागकर रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया।पुलिस अब आरोपी से हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों को लेकर पूछताछ कर रही है।
तलाक के बाद मां के साथ रहते थे दीपक
डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि दीपक कुलश्रेष्ठ अपनी पत्नी से तलाक के बाद अपनी मां के साथ रहते थे। वह गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में कंसल्टेंट के तौर पर काम करते थे।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह मकान खाली करने और एडवांस किराए के पैसों को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
