कूनो का चीता KP-2 सवाई माधोपुर के रिहायशी इलाके में पहुंचा, फुटेज में देंखे लोगों में दहशत
मध्य प्रदेश के Kuno National Park से निकलकर लंबा सफर तय करने वाला चीता KP-2 अब राजस्थान के Ranthambore National Park होते हुए रिहायशी इलाके में पहुंच गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, यह चीता फिलहाल श्याम वाटिका क्षेत्र के एक खेत में छिपा हुआ है, जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और जीनापुर इलाके के पास स्थित है।चीते की मौजूदगी से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बताया जा रहा है कि चीता KP-2 ने रविवार शाम को जंगल क्षेत्र में एक बकरी का शिकार किया था। इसके बाद वह धीरे-धीरे आबादी की ओर बढ़ता हुआ इस इलाके में पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि भोजन की तलाश या अनुकूल वातावरण न मिलने के कारण चीता अपने मूल क्षेत्र से बाहर निकल आया है।वन्यजीव अधिकारियों के अनुसार, चीते को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल में ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ट्रैकिंग और रेस्क्यू टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों से बाहर अनावश्यक रूप से न निकलें, खासकर बच्चों और पालतू जानवरों को सुरक्षित रखें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।गौरतलब है कि कूनो नेशनल पार्क से छोड़े गए चीते कई बार अपने क्षेत्र से बाहर निकल जाते हैं, जिससे आसपास के इलाकों में इस तरह की स्थिति बन जाती है। हालांकि, वन विभाग की प्राथमिकता चीते और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। फिलहाल, पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और चीते को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
