आमेर महल में चाकूबाजी: घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की मौत, गुस्से में बाजार बंद; फुटेज में देंखे जीप ड्राइवर गिरफ्तार
जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल में सोमवार को हुई चाकूबाजी की घटना में घायल टूरिस्ट गाइड की मंगलवार सुबह मौत हो गई। गाइड की मौत की खबर फैलते ही आमेर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया और विरोध स्वरूप आमेर बाजार बंद कर दिया गया।मृतक की पहचान मनीष कुमार सोनी (निवासी आमेर) के रूप में हुई है। मनीष पेशे से टूरिस्ट गाइड था और पर्यटकों को आमेर महल की जानकारी देने का काम करता था।
रास्ता बताने को लेकर हुआ विवाद
एसीपी (आमेर) ट्रेनिंग आईपीएस प्रतीक सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे मनीष कुमार सोनी आमेर मावठे के पास मौजूद था। इसी दौरान प्राइवेट कार से आए कुछ पर्यटकों ने आमेर महल जाने का रास्ता पूछा।मौके पर जीप लेकर खड़े ड्राइवर आजम ने पर्यटकों से कहा कि निजी कार महल तक नहीं जा सकती और उन्हें जीप से जाना होगा। इसके बाद मनीष ने पर्यटकों को रास्ता समझाया और वे अपनी कार से महल की ओर रवाना हो गए।इसी बात को लेकर जीप ड्राइवर आजम और गाइड मनीष के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में ड्राइवर ने मारा चाकू
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोपी आजम ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और मनीष के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।घायल मनीष को तुरंत इलाज के लिए जयपुर के SMS अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था।
इलाज के दौरान हुई मौत
मनीष की हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद मंगलवार सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मनीष की मौत की जानकारी मिलते ही आमेर क्षेत्र में लोगों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय व्यापारियों ने विरोध में बाजार बंद कर दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी मौके से गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी जीप ड्राइवर आजम को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।आमेर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
