शादी में गए परिवार के सूने मकान को बनाया निशाना, जयपुर में लाखों के गहने और कैश चोरी, फुटेज में नजर आए नकाबपोश बदमाश
चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां नकाबपोश बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना मुरलीपुरा थाना क्षेत्र की है, जहां परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, ढेहर का बालाजी स्थित परसराम नगर निवासी सोनू अग्रवाल ने मुरलीपुरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए बैंगलूर से जयपुर आई हुई थी। 10 मई की रात परिवार के सभी सदस्य घर को लॉक कर शादी समारोह में चले गए थे।
इसी दौरान बदमाशों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़ा और घर के अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने अलमारी और लॉकर खंगालकर सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपए में है।
जब परिवार शादी समारोह से वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं और कीमती सामान गायब था। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैमरे में दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल चोरी गए गहनों और नकदी की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है।
