Aapka Rajasthan

जवाहर सर्किल थाना पुलिस की कार्रवाई, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 28 किलो डोडा-पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार

जवाहर सर्किल थाना पुलिस की कार्रवाई, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 28 किलो डोडा-पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार
 
जवाहर सर्किल थाना पुलिस की कार्रवाई, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 28 किलो डोडा-पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार

राजधानी जयपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीलवाड़ा से तीन बैगों में डोडा-पोस्त की खेप लेकर जयपुर पहुंचा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 28 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (ईस्ट) संजीव नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण कुमार निवासी माण्डलगढ़, भीलवाड़ा के रूप में हुई है। बुधवार शाम पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक ड्रग तस्कर सप्लाई देने के लिए जयपुर के दुर्गापुरा इलाके में आने वाला है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएचओ (जवाहर सर्किल) आशुतोष सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। कार्रवाई में डीएसटी के एसआई बन्ना लाल सहित कॉन्स्टेबल राजेश, नीरज, हेमंत और दयाराम को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध की तलाश शुरू की।

जवाहर सर्किल क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जिसके पास तीन बड़े बैग थे। तलाशी लेने पर बैगों में बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भीलवाड़ा से यह खेप लेकर जयपुर में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह माल किसे दिया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही सप्लाई चेन और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी स्तर पर ड्रग तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई को जयपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।