Aapka Rajasthan

जयपुर में जन्माष्टमी की धूम: गोविंददेवजी मंदिर में डेढ़ किमी लंबी कतार, वीडियो में जाने रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना के बीच जन्मोत्सव

जयपुर में जन्माष्टमी की धूम: गोविंददेवजी मंदिर में डेढ़ किमी लंबी कतार, वीडियो में जाने रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना के बीच जन्मोत्सव
 
जयपुर में जन्माष्टमी की धूम: गोविंददेवजी मंदिर में डेढ़ किमी लंबी कतार, वीडियो में जाने रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना के बीच जन्मोत्सव

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर जयपुर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गोविंददेवजी मंदिर, अक्षयपात्र मंदिर, राधा दामोदर मंदिर समेत शहर के कई प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंचने लगे। गोविंददेवजी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लग गई। देर रात करीब 2 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ भक्तों के लिए दर्शन शुरू किए गए। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

रात 12 बजे मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इससे पहले ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया गया।अभिषेक से पहले छह वेदपाठी पंडितों की ओर से वेद पाठ किया गया। इसके बाद विधि-विधान से भगवान का पंचामृत अभिषेक हुआ।

अभिषेक के लिए 425 लीटर दूध और 365 किलो दही

भगवान श्रीकृष्ण के पंचामृत अभिषेक के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गईं। इसके लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद की व्यवस्था की गई।अभिषेक के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए।

रात 10 से 11 बजे तक हुआ व्रत कथा पाठ

जन्माष्टमी की रात 10 से 11 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व्रत कथा का पाठ किया गया। इसके बाद श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार करते रहे।रात 12 बजते ही मंदिर परिसर में जन्मोत्सव का उल्लास छा गया। 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी मनाई गई।

मंदिरों में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम

जन्माष्टमी पर जयपुर के प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए। गोविंददेवजी मंदिर के अलावा अक्षयपात्र और राधा दामोदर मंदिर में भी भक्तों की भीड़ देखने को मिली।शहरभर में जन्माष्टमी को लेकर दिनभर भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। मंदिरों में भजन-कीर्तन और विशेष पूजा के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।