Aapka Rajasthan

जयपुर के चर्चित राज लक्ष्मी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 8 साल से फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

जयपुर के चर्चित राज लक्ष्मी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 8 साल से फरार तीन आरोपी गिरफ्तार
 
जयपुर के चर्चित राज लक्ष्मी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 8 साल से फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

राजधानी जयपुर के चर्चित राज लक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माणकचौक थाना पुलिस ने करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बैंक का तत्कालीन मैनेजर भी शामिल है। तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक के तत्कालीन मैनेजर मदन कट्टा, अजय शर्मा और उसकी पत्नी सपना शर्मा को रविवार को गिरफ्तार किया। इसके बाद सोमवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

2018 में दर्ज हुआ था करोड़ों के घोटाले का मामला

यह मामला वर्ष 2018 में सामने आया था, जब माणकचौक थाने में राज लक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए थे।जांच के दौरान सामने आया कि बैंक से जुड़े कई लोगों ने कथित रूप से आपराधिक साजिश रचकर बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मंजूर कराए गए लोन

पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि बैंक केतत्कालीन पदाधिकारियों, कर्मचारियों, ऋणधारकों, गारंटरों, वैल्यूअर्स और कुछ अधिवक्ताओं ने मिलकर फर्जी दस्तावेजों और विवादित संपत्तियों के आधार पर ऋण स्वीकृत कराए थे।आरोप है कि कई मामलों में वास्तविक मूल्य से अधिक रकम के लोन स्वीकृत किए गए और बैंकिंग नियमों की अनदेखी की गई। इसके चलते बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

लंबे समय से फरार थे आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद से ही कई आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी करीब आठ साल से कानून की पकड़ से बाहर थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम भी घोषित किया हुआ था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के ठिकानों और गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद उन्हें पकड़ने में सफलता मिली।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जांच एजेंसियां अब भी मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और संदिग्धों की तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि बैंक घोटाले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

आर्थिक अपराधों पर सख्ती का संदेश

राज लक्ष्मी बैंक घोटाला जयपुर के चर्चित वित्तीय मामलों में से एक रहा है। लंबे समय बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाया जाएगा।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में जांच में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।