जयपुर पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल क्रिकेट सट्टे के कारोबार में गिरफ्तार, फुटेज में देंखे युवाओं को नौकरी का लालच देकर चलवाता था सट्टे की लाइनें
जयपुर पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल के क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार में शामिल होने का मामला सामने आया है। बिंदायका थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जयपुर पुलिस लाइन की सिनेमा शाखा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह को नागौर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नागौर जिले के जसनगर थाना क्षेत्र स्थित लीलिया गांव में दबिश देकर पकड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेड कॉन्स्टेबल लंबे समय से क्रिकेट सट्टे के अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
युवाओं को वेतन का लालच देकर बुलाता था जयपुर
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि क्रिकेट सीजन शुरू होते ही आरोपी ग्रामीण इलाकों के युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। वह युवाओं को 20 हजार से 50 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देने का लालच देकर जयपुर बुलाता था।इसके बाद उनसे अलग-अलग जगहों पर सट्टे की लाइनें संचालित करवाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवाओं को कर्मचारी की तरह इस्तेमाल कर सट्टे का नेटवर्क चला रहा था।
संगठित तरीके से चल रहा था सट्टे का कारोबार
पुलिस का कहना है कि हेड कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह ने क्रिकेट सट्टे के लिए एक संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था। वह वेतन पर युवकों को रखकर अलग-अलग स्थानों से सट्टे का संचालन करवाता था।जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
मोबाइल और बैंक रिकॉर्ड की हो रही जांच
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था, सट्टे के कारोबार में कितने लोग जुड़े हुए थे और पैसे का लेनदेन किस तरह किया जा रहा था।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
एक पुलिसकर्मी के ही अवैध सट्टा कारोबार में शामिल पाए जाने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और सट्टा नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होनेकी संभावना जताई जा रही है।
