Aapka Rajasthan

Jaipur अक्षय तृतीया पर आज ठाकुरजी के चरणों पर चंदन का लेप लगेगा और होगा कलंगी शृंगार

 
Jaipur अक्षय तृतीया पर आज ठाकुरजी के चरणों पर चंदन का लेप लगेगा और होगा कलंगी शृंगार

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर अक्षय तृतीया पर शुक्रवार को आराध्य देव गोविंददेवजी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में ठाकुरजी की विशेष रूप से चंदन सेवा की जाएगी। ठाकुरजी के चरणों सहित सभी अंगों पर चंदन का लेप लगाया जाएगा। ठाकुरजी अब जामा-पायजामा के बजाय धोती और दुपट्टा धारण करेंगे। ठाकुरजी के सिर पेच हटाकर कलंगी श्रृंगार होगा। गर्मी अधिक होने के कारण ठाकुरजी को शीतल व्यंजनों का भोग लगना शुरू होगा। ठंडे इत्रों की सेवा भी शुरू होगी। मिश्री और सत्तु का भोग लगाया जाएगा। गोविंददेवजी मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर ठाकुरजी को पीले रंग की धोती और दुपट्टा धारण करवाया जाएगा। इसके बाद ठाकुरजी को ठंडे व्यंजनों में शर्बत, ठंडाई, सत्तु, भीगी हुई चना दाल और पंचमेवा के साथ तरबूज का भोग जाएगा।

चांदनी चौक स्थित मंदिर श्री आनंदकृष्ण बिहारीजी में अक्षय तृतीया पर ठाकुरजी को ठंडाई, शरबत, सत्तु, आमरस, खरबूजा, मतीरा आदि ठंडे व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। वहीं ठाकुरजी को नटवर रूप की पोशाक धारण करवाई जाएगी। पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी चौड़ा रास्ता स्थित मंदिर श्री दामोदरजी में, रामगंज बाजार स्थित लाड़लीजी मंदिर में भी ठाकुरजी के पहनावे और भोग राग में बदलाव होगा। आचार्य पीठ श्री सरस निकुज दरिबा पान सुभाष चौक में श्री ठाकुर राधा सरस विहारी जू सरकार की नित्य सेवा के साथ-साथ चंदन शृंगार भी किया जाएगा। विशेष मनोरथ महोत्सव के उपलक्ष्य में ठाकुर सरस विहारी जू सरकार के चरणों में व श्री अंग में केसर चंदन व सुगंधित शीतल प्रदान करने वाले द्रव्यों का लेपन किया जाएगा।