Aapka Rajasthan

Jaipur मेट्रो को मिलेगा केंद्र का सहयोग, जल्द आकार लेगी योजना

 
Jaipur मेट्रो को मिलेगा केंद्र का सहयोग, जल्द आकार लेगी योजना
जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर डबल इंजन की सरकार का फायदा मेट्रो ट्रेन के विस्तार में देखने को मिलेगा। क्योंकि अब तक बिना केंद्र के सहयोग से चल रही जयपुर मेट्रो को केंद्र सरकार का भी सहयोग मिलेगा। इसके लिए नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की केंद्र सरकार से भी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले दौर की बैठक हो चुकी है। जल्द ही इसे मूर्त रूप दिलाकर योजना को क्रियान्वित करवाएंगे। शुक्रवार को वे मानसरोवर में शक्ति वंदन सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। ये कार्यक्रम एसएफएस और किरण पथ पर हुए। यहां विकसित भारत सकंल्प यात्रा के शिविर का भी मंत्री ने निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों में रिक्त पदों की समस्या नासूर है। इसका इलाज करके ही छोड़ेंगे।

मार्च में प्रदर्शनी

ग्रेटर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। उनमें स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी शामिल हैं।  उनकी हौसला अफजाई करने के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया है। ये महिलाएं खाद्य सामग्री से लेकर गोबर के दीपक, धूपबत्ती, फूलों के रस से परफ्यूम, वस्त्र और लाख की चूड़ियां बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मार्च में शक्ति वंदन प्रदर्शनी लगाई जाएगी।  सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाए जाएंगे और कोर्ट में लम्बित मामलों की मजबूती से पैरवी करवाई जाएगी। अन्नपूर्णा रसोई की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित जांच होगी और संख्या भी जरूरत के हिसाब से बढ़ाई जाएगी।