जयपुर मेयर चुनाव: सुनील कोठारी और सुनीता मावर निगम पहुंचे, बाड़ेबंदी से आएंगे पार्षद; आज होगा नए मेयर का फैसला
जयपुर नगर निगम में नए मेयर के नाम पर आज फैसला हो जाएगा। महापौर पद के लिए भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता गुप्ता मावर आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशी नगर निगम पहुंच चुके हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मतदान के लिए दोनों प्रमुख दलों के पार्षदों को बाड़ेबंदी वाले स्थानों से सीधे नगर निगम मुख्यालय लाया जाएगा।
सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान
जयपुर नगर निगम के महापौर चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और शुक्रवार को ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। कुल 150 निर्वाचित पार्षद महापौर के चुनाव में मतदान करेंगे। मतदान के लिए पार्षदों को फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ आवश्यक निर्वाचन दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।
भाजपा के 78, कांग्रेस के 57 पार्षद
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के चुनाव परिणाम के मुताबिक भाजपा के 78 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 57 सीटें आई हैं। 15 वार्डों में निर्दलीय पार्षद चुने गए हैं। महापौर पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 76 है।
बाड़ेबंदी से निगम पहुंचेंगे पार्षद
मेयर चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की थी। मतदान के दिन पार्षदों को निर्धारित स्थानों से बसों और अन्य वाहनों के जरिए सीधे नगर निगम मुख्यालय लाया जा रहा है। दोनों दलों की नजर अपने पार्षदों की मौजूदगी और मतदान प्रक्रिया पर है।
दोनों प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा
भाजपा प्रत्याशी सुनील कोठारी ने नगर निगम पहुंचने के बाद अपनी जीत का दावा किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर भी चुनाव को लेकर मैदान में हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के बीच ही महापौर पद के लिए सीधा मुकाबला रह गया है।
अब कुछ ही देर में मतदान शुरू होने के साथ दोनों प्रत्याशियों की किस्मत पार्षदों के वोट से तय होगी। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना होगी और जयपुर नगर निगम को नया मेयर मिल जाएगा। इसके बाद शनिवार को उपमहापौर पद के लिए चुनाव कराया जाएगा।
