Aapka Rajasthan

Jaipur 50 ब्लॉक, 400 मंडल अध्यक्ष और 70 प्रदेश पदाधिकारियों पर गिर सकती गाज

 
Jaipur 50 ब्लॉक, 400 मंडल अध्यक्ष और 70 प्रदेश पदाधिकारियों पर गिर सकती गाज
जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर कांग्रेस में ब्लॉक और मंडल स्तर से प्रदेश स्तर तक संगठन में विभिन्न पदों पर बैठे नेताजी को लोकसभा चुनाव में सक्रियता नहीं दिखाना अब भारी पड़ सकता है। जिन नेताओं ने पार्टी विरोधी काम किया, उन पर तो कार्रवाई हो ही रही रही है, जो चुनाव में निष्क्रिय रहे, उनकी भी कुंडली तैयार कर ली गई है। इनमें करीब 50 ब्लॉक अध्यक्ष, 400 मंडल अध्यक्ष, 70 प्रदेश पदाधिकारी और पांच से छह ऐसे वरिष्ठ नेता हैं जो विधायक, पूर्व विधायक या हाल ही विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। एक पूर्व मंत्री भी हैं, जो हाल ही विधानसभा चुनाव भी हार चुके हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह रिपोर्ट जल्द ही पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। इसके बाद आगामी दिनों में इन नेताओं की संगठन के पदों से छुट्टी होना तय माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में लगातार दो बार की हार का क्रम तोड़ने के लिए विशेष रणनीति के तहत सभी पदाधिकारियों को चुनाव में जुटने के लिए कहा था, लेकिन नेता संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में नजर ही नहीं आए। कुछ नेताओं की तो पार्टी उम्मीदवारों ने ही निष्क्रियता या भितरघात को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद सभी पदाधिकारियों से लोकसभा चुनाव को लेकर तारीख वार प्रचार और स्थानों की जानकारी मांगी थी, लेकिन कई नेताओं ने प्रचार में काम नहीं करने के चलते जानकारी ही प्रदेश नेतृत्व को नहीं भेजी।

लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में इसी साल स्थानीय निकाय और उसके तत्काल बाद आगामी वर्ष में पंचायत चुनाव हैं। इसको देखते हुए प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव करने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि प्रदेश पदाधिकारियों में उन्हें ही पदों पर रखा जा सकता है, जो संगठन में पार्टी के कामकाज को लेकर सक्रिय हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार नजर आते हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में सत्ता रहते कांग्रेस ने संगठन पर ज्यादा फोकस नहीं किया, लेकिन हाल ही विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर हो चुकी प्रदेश कांग्रेस अब संगठन को मजबूती देने को लेकर ज्यादा फोकस कर रही है। बताया जा रहा है कि आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले ब्लॉक और मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।