Aapka Rajasthan

जयपुर में ज्वेलर लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने गैंग के तीन और बदमाश दबोचे; फुटेज में देंखे पांच दिन की रिमांड पर भेजे गए आरोपी

जयपुर में ज्वेलर लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने गैंग के तीन और बदमाश दबोचे; फुटेज में देंखे पांच दिन की रिमांड पर भेजे गए आरोपी
 
जयपुर में ज्वेलर लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने गैंग के तीन और बदमाश दबोचे; फुटेज में देंखे पांच दिन की रिमांड पर भेजे गए आरोपी

राजधानी जयपुर की खोराबीसल थाना पुलिस ने ज्वेलर पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने वाले गिरोह के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से पांच दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात और लूटे गए माल से जुड़े अन्य सुराग जुटाने में लगी है।

3 जुलाई की रात हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात खोराबीसल क्षेत्र के नांगल लाड़ी में ज्वेलर शंकरलाल शर्मा पर जानलेवा हमला किया गया था। बदमाशों ने उन पर हमला कर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी।

पहले तीन आरोपी पकड़े गए, अब तीन और गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही कमलेश बाज्या, अशोक मीणा उर्फ गोलू मीणा और विशाल मीणा को गिरफ्तार कर चुकी थी। इन आरोपियों की निशानदेही पर लूट का कुछ माल भी बरामद किया गया था।अब जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल तीन और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की भूमिका भी साजिश और वारदात को अंजाम देने में अहम रही है।

हथियार, चोरी की ज्वेलरी और रेंटल कार से जुड़े सुराग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और लाठी-डंडों की व्यवस्था कराई थी। इसके अलावा, लूटी गई ज्वेलरी को पिघलाने और वारदात के लिए रेंटल कार उपलब्ध कराने में भी इनकी प्रत्यक्ष भूमिका बताई जा रही है।पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि लूटी गई पूरी ज्वेलरी कहां छिपाई गई है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

आरोपियों की निकाली गई मौका परेड

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और मौका परेड कराई। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। लोगों ने आरोपियों के वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए।

जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, लूट के पूरे माल और वारदात की साजिश से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से ज्वेलर लूटकांड की पूरी साजिश का जल्द खुलासा हो सकता है।