Jaipur देश के तीन सबसे प्रदूषित शहरों में हनुमानगढ़, सिरोही की हवा सबसे शुद्ध
जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर प्रदेश में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच चिंता बढ़ाने वाली खबर है। भिवाड़ी पर तो प्रदूषण का दाग गहराता रहा ही है, अब हनुमानगढ़ भी इसकी चपेट में है। दिल्ली के विज्ञान एवं पर्यावरण केंद्र (सीएसई) ने 2023-24 की शीतकालीन रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत के 3 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में दिल्ली एनसीआर, बेगूसराय और हनुमानगढ़ शामिल हैं। हनुमानगढ़ में शीतकालीन औसत 171.6 µg/m³ रहा। इस सर्दी में 20 सबसे प्रदूषित शहरों में धौलपुर, भिवाड़ी व श्रीगंगानगर भी रहे। प्रदेश में सबसे साफ हवा सिरोही में है। 254 शहरों की रिपोर्ट में राजस्थान के 33 शहर शामिल किए गए। स्विस एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग संस्था आईक्यूएयर ने रिपोर्ट में भारत को तीसरा सबसे प्रदूषित देश माना है। दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 42 भारत के हैं, जहां 2023 में पीएम 2.5 (प्रदूषण के महीन कण) का औसत स्तर डब्ल्यूएचओ के मानकों से करीब दस गुना ज्यादा खराब था।
पिछले साल की तुलना में कोटा-भिवाड़ी में सर्वाधिक बढ़ा
62 शहरों में से 39 में पीएम 2.5 स्तर बढ़ा है। इनमें राजस्थान के 8 शहर हैं। सर्वाधिक 42% वृद्धि भिवाड़ी, कोटा में रही। जयपुर में 38, पाली में 28, अलवर में 15% बढ़ा। संस्था से जुड़ी शरणजीत कौर ने बताया, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान पर अध्ययन किया।
बड़े शहरों की योजनाएं छोटे शहरों में भी लानी जरूरी
सीएसई शोधकर्ता अविकल सोमवंशी ने बताया, राजस्थान सूखा प्रदेश है। उद्योगों के कारण हवा साफ नहीं रहती। निर्माण कार्यों का वेस्ट पर्याप्त उपचार के बिना फेंकने से भी प्रदूषण बढ़ता है। ऐसी दिक्कतें चेन्नई में भी हैं लेकिन वहां समुद्र प्रदूषण को खींच लेता है और हवा साफ रहती है। गंगानगर व हनुमानगढ़ में सर्दियों में पराली के कारण प्रदूषण बढ़ता है।
